अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 11 मार्च,2026।।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के विकासखंड लुण्ड्रा के कई गांवों में आज भी विकास की किरण नहीं पहुंच पाई है। कलेक्टर के जनदर्शन में इन अभावग्रस्त गांवों में निवासरत पहाड़ी कोरवा, पण्डो परिवार गुहार लगाने के लिए पहुंच रहे हैं। वनवासियों का दर्द आज तक न तो किसी जनप्रतिनिधियों ने महसूस किया और न ही प्रशासन ने..! वनवासी अंबिकापुर तक आने चंदा कर पिकअप किराए पर लेते और उम्मीद के साथ जनदर्शन में आवेदन दे लौट जाते..! आखिरकार प्रशासन ने इनकी वेदनाओं को समझा। कलेक्टर अजीत वसंत ने जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल के साथ टीम तैयार किया और आज बुधवार को पहाड़ी कोरवा बसाहट वाले ग्राम जटासेमर पहुंचकर लोगों से भी मिले और ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस गाँव के पहाड़ी कोरवा पण्डो के संबंध में खबरी गुल्लक ने सबसे पहले खबर प्रकाशित किया था। खबरी गुल्लक यू ट्यूब चैनल के माध्यम से पहाड़ी कोरवाओं ने खुलकर अपनी परेशानी बताई वहीं पोर्टल में भी प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया गया था। खबर को प्रमुखता से लेते हुए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने हाल ही में इन गांवों का दौरा कर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया था।
आज बुधवार को कलेक्टर वसंत इस दौरान रवई पंचायत के पहाड़ी कोरवा बसाहट जटासेमर पहुंचे। उन्होंने यहां ग्रामीणों से मिलकर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, आवास, राशन, पेंशन सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और विभागीय अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड एवं वोटर आईडी निर्माण हेतु शिविर आयोजित किया जाए। पेंशन एवं महतारी वंदन योजना की राशि हितग्राहियों को प्राप्त नहीं होने की जानकारी प्राप्त होने पर उन्होंने जनपद सीईओ एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारी को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।उन्होंने पेयजल की समस्या संज्ञान में आने पर पीएचई विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु गम्भीरता से प्रयास करने हेतु आश्वस्त किया। साथ ही उन्होंने लोगों पीएम जनमन योजना के तहत योजनाओं की जानकारी दी तथा योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया।
पहाड़ी कोरवा आश्रम का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री वसंत ने डूमरडीह पंचायत में पहाड़ी कोरवा विशेष पिछड़ी जनजाति आवासीय आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां परिसर का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शयनकक्ष, रसोई, स्टोर, शौचालय आदि का जायजा लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने कक्षों में पंखों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए तथा शौचालय एवं स्नानागार में दरवाजे लगवाने कहा। उन्होंने बच्चों से बात कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली। कक्षा में उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे। उन्होंने 5वी कक्षा पास करने वाले पीवीटीजी छात्रों को अन्य प्री मैट्रिक स्तर के छात्रावासों में प्राथमिकता के साथ प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चों को किसी प्रकार की समस्या ना हो, इसका ध्यान रखें।
विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों का भी जाना हाल
इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत हाई स्कूल डूमरडीह पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने न्यूजपेपर डेस्क का अवलोकन किया तथा कहा कि बच्चों को रोजाना न्यूजपेपर पढ़ने की आदत डलवाएं, ताकि उन्हें रोज के खबरों की जानकारी हो और साथ ही उनके आईक्यू लेवल में भी वृद्धि हो। वहीं उन्होंने प्राथमिक शाला रवई का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने शाला हेतु नवीन भवन स्वीकृत किए जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय के शिक्षक जो धौरपुर आश्रम में संबद्ध है, उन्हें तत्काल वापस बुलाएं। ताकि बच्चों को पढ़ाई में समस्या ना हो। इस दौरान उन्होंने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का भी औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डूमरडीह में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
कलेक्टर श्री वसंत दौरे के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डूमरडीह पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों एवं चिकित्सकीय उपकरणों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में एचआरपी मरीजों की जानकारी ली तथा विशेष निगरानी रखने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी समय पर स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित रहें। मरीजों को किसी प्रकार को समस्या ना हो।
निर्माणाधीन सड़क का लिया जायजा
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत सपड़ा पंचायत में निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया। उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और कार्य व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।




