अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 30 अप्रैल 2026
माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा घोषित कक्षा 10 वीं और 12 वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में शहर के प्रतिष्ठित सन राईज हायर सेकेण्डरी स्कूल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता का परिचय दिया। विद्यालय ने न केवल शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि अपने छात्र-छात्राओं की मेहनत और शिक्षकों की समर्पित मार्गदर्शन से क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता की धाक भी जमाई। यह परिणाम अम्बिकापुर के शैक्षिक परिदृश्य में अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित करता है।
कक्षा 10 वीं में विद्यालय की होनहार छात्रा साक्षी पैकरा ने 84 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी को प्रभावित किया। वहीं रूखसार परवीन ने 71 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया। विद्यार्थियों की सफलता न केवल व्यक्तिगत मेहनत का फल है, बल्कि विद्यालय की समग्र शैक्षिक प्रणाली की मजबूती को दर्शाती है।
कक्षा 12 वीं के परिणाम में शबाना परवीन ने 89.4 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर रूद्र राय 84.8 प्रतिशत के साथ तथा तृतीय पर वैभव सिंह 82.6 प्रतिशत अंकों के साथ रहे। विद्यालय के इन टॉपर्स ने न केवल अपने परिवार और शिक्षकों का सिर ऊंचा किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के संचालक मोहम्मद एफडी खान ने हृदय से बधाई दी और एक प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि ये परिणाम हमारे छात्रों की कठिन परिश्रम, शिक्षकों की निष्ठा और विद्यालय की अनुशासित शिक्षा पद्धति का परिणाम हैं। सनराईज हायर सेकेण्डरी स्कूल हमेशा से गुणवत्ता पर जोर देता रहा है, और यह सफलता हमें और आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। मैं इन होनहारों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं तथा समस्त छात्र-छात्राओं से अपील करता हूं कि वे निरंतर प्रयासरत रहें। आने वाले वर्षों में हमारा लक्ष्य होगा कि ये परिणाम और भी उत्कृष्ट हों, ताकि हमारा विद्यालय देश के शीर्ष संस्थानों की सूची में शामिल हो। संचालक श्री खान ने सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया कि विद्यालय हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अभिजीत दासगुप्ता, अहजरूद्दीन खान, शिक्षक पंकज मिश्रा, श्रीमती आरती कश्यप सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्राचार्य श्री दासगुप्ता ने सभी छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अगले सत्र में परिणामों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया गया है। सन राईज हायर सेकेण्डरी स्कूल की यह सफलता क्षेत्र के अभिभावकों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनी हुई है।



