अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
अत्यंत पिछड़े मंझवार जाति की नाबालिग बच्चियों के साथ हुए सामुहिक अनाचार के शर्मनाक मामले में प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह के नेतृत्व में एक 5 सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। इस जांच दल के सदस्यों में महिला कांग्रेस(शहर) की जिला अध्यक्ष सीमा सोनी, महिला कांग्रेस (ग्रामीण) की जिलाध्यक्ष अनिमा केरकेट्टा, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हेमंत तिवारी एवं डॉ लालचंद यादव शामिल हैं। 29 अप्रैल को इस घटना के खुलासे के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने इस संवेदनशील मामले की जानकारी प्रदेश नेतृत्व के साथ ही छत्तीसगढ़ की सहप्रभारी सुश्री जरिता लैतफलांग को भी दिया था। इसके उपरांत प्रदेश नेतृत्व ने जांच दल का गठन स्वीकृत किया। इस मामले की गंभीरता को ध्यान रखते हुए सुश्री जरिता लैतफलांग स्वयं 2 मई को अम्बिकापुर आकर पीड़ित बच्चियों और उनके परिजनों से मुलाकात करने जाएंगी।
24 अप्रैल की रात को मोटरसाइकिल सवार 10- 12 बदमाशों ने एक विवाह समारोह से लौट रही 4 बच्चियों के अपहरण का प्रयास किया एवं 2 के अपहरण उपरांत उनके साथ सामुहिक दुराचार किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मामले में कार्यवाही करने के बजाय थाना सीतापुर ने लीपापोती कर मामले को दबाने का भरसक प्रयास किया । मामले को दबाने के प्रयास के तहत ही सीतापुर में हुए मेडिकल मुलाहजा में वहां के चिकित्सकों ने अनाचार नहीं होने की रिपोर्ट दे दी थी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने गलत मेडिकल रिपोर्ट जारी करने वाले डॉक्टर को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने एवं उसके विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने यह मांग की है कि जांच कर उन सभी चेहरों को सामने लाया जाये जो इस मामले की लीपापोती में लगे हुए हैं।



