अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।।
सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में 2 नाबालिग लड़कियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में आदिवासी समाज के 3 बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि 3 विधि से संघर्षरत बालकों को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 24 अप्रैल 2026 को वह अपनी सहेलियों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही थी। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और एक सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता के परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराने पर पुलिस ने 26 अप्रैल को अपराध क्रमांक 150/2026, धारा 70(2) BNS एवं पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपी आनंद बेक पिता लिखन बेक 27 वर्ष जजगा सेटरापारा, सीतापुर , विकास उर्फ राहुल पिता नन्हू राम तिग्गा 24 वर्ष जजगा खालपरा, सीतापुर, मनीष खलखो उर्फ आभीस पिता सेनात खलखो जजगा उपरपारा, सीतापुर को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण में 3 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर और बाद में जिला अस्पताल अंबिकापुर में करवाया गया । इस केस की विवेचना और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक शशिप्रभा दास, प्रधान आरक्षक अखिलेश्वर भगत, आरक्षक धनकेश्वर यादव, राकेश यादव, प्रमित भगत, निर्मल कुर्रे, बूढ़ा पैकरा और सेवक प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस द्वारा फिलहाल साक्ष्य संकलन और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



