अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें सरगुजा अनिल कुमार शुक्ला ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धौरपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संस्था के चिकित्सीय एवं प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही पाई गईं, 9 कर्मचारी गायब मिले जिनका वेतन काटने निर्देश दिया गया। संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को फटकार लगा निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में दवाओं के रख‑ रखाव में लापरवाही मिली, जिस पर सुव्यवस्थित भण्डारण हेतु निर्देश दिये गये। लैबरेटरी में साफ‑ सफाई एवं व्यवस्था की स्थिति देखकर लैब प्रभारी को कड़ी फटकार लगायी गयी तथा भविष्य में ऐसी अव्यवस्था न दोहराने का स्पष्ट निर्देश जारी किया गया।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए मरीजों की सुविधा के लिये सीएचसी परिसर में कूलर की व्यवस्था करने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी बैनर‑ पोस्टर के माध्यम से चस्पा करने तथा जीवन दीप समिति के सफाई कर्मचारियों द्वारा अवकाश दिवसों में भी दो पाली में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की निर्देश दिये गये।
9 कर्मचारी मिले अनुपस्थित
उपस्थिति पंजी की अनाधिकृत अनुपस्थित अनुज एक्का, प्रकाश कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ बेबी प्रज्ञा ओझा, स्टाफ नर्स श्रीमती गोराती टोप्पो, अतीसू टोप्पो, रोशीनी सिंह, रूपन राम, अशोक कुमार एक्का, पी.आर. बंजारे तथा अजय सिंह। इन सभी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी धौरपुर को भी लैब, रजिस्टर संधारण एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों की गाइडलाइनों के सही पालन न होने के कारण नोटिस भेजा गया। यदि नोटिस के जवाब संतोषजनक नहीं पाये जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के तहत आगे की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। अप्रैल 2026 के माह का वेतन रोकने का स्पष्ट आदेश जारी किया गया है।



