ADD

आयुष्मान योजना की राशि में फर्जी बिलिंग से सेंध...! सिर में चोट वाले मरीज को निमोनिया बता 90 हजार से अधिक निकाला...,निजी अस्पताल में गड़बड़ झाला

0

गरियाबंद।।खबरी गुल्लक ।।

 जिले के छुरा स्थित एक निजी अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। ओडिशा के नुआपाड़ा जिले की 56 वर्षीय रामशीला मांझी के सिर की चोट को निमोनिया बताकर फर्जी बिलिंग का मामला प्रकाश में आया है।

18 जनवरी 2026 को सड़क दुर्घटना में रामशीला मांझी के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें नुआपाड़ा जिला अस्पताल से रेफर कर छुरा के निजी अस्पताल में 21 जनवरी को भर्ती किया गया। अस्पताल ने जनरल वार्ड में इलाज किया, लेकिन रिकॉर्ड में आईसीयू भर्ती दिखाकर महंगे पैकेज और दवाओं का बिल बनाया। इसके अलावा, आईसीयू मरीज को 50 किमी दूर राजिम- नवापारा ले जाकर सीटी स्कैन कराया गया।

परिजनों का कहना है कि निशुल्क इलाज के बावजूद उनसे 8-10 हजार रुपये अतिरिक्त वसूले गए, जबकि 10 दिनों में योजना से 90 हजार से 1 लाख रुपये निकाले गए। सिर की चोट के बजाय निमोनिया जैसी बीमारियां गढ़कर महंगी दवाओं का बिल तैयार किया गया।

सीएमएचओ ने बताया कि अस्पताल को फरवरी में ही आईसीयू अनुमति मिली, जबकि मामला जनवरी का है, जो गंभीर अनियमितता है। मंगलवार को जांच टीम के दो घंटे इंतजार के बाद दस्तावेज न देने पर आयुष्मान कार्ड निरस्त करने का नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं, दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)