अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 19 अप्रैल 2026
सरगुजा जिले के थाना मणीपुर क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के लापता होने के मामले में पुलिस ने जम्मू के विजयपुर से पीड़िता को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया है। आरोपी ने लड़की को बहला-फुसलाकर भगाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी अजय शंकर तिवारी को गिरफ्तार कर पोक्सो एक्ट के सख्त धाराओं के तहत कोर्ट में पेश किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां ने 9 अप्रैल 2026 को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी 24 जनवरी 2026 को किराये के कमरे से बिना बताए कहीं चली गई। आसपास और रिश्तेदारों में तलाश की गई, लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला। रिपोर्ट पर थाना मणीपुर में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने नाबालिग की बरामदी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की। निर्देश थे कि हर संभव प्रयास कर पीड़िता को तलाशा जाए। विवेचना के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पीड़िता जम्मू के विजयपुर में संदेही अजय शंकर तिवारी के साथ है। तत्काल जम्मू रवाना हुई टीम ने सतत प्रयासों से नाबालिग को आरोपी के कब्जे से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष पूछताछ में पीड़िता ने रो-रोकर अपना दर्द बयां किया। उसने बताया कि आरोपी अजय उसे बहकाकर जम्मू ले जाया और शादी का झांसा देकर बार- बार दुष्कर्म किया। आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम अजय शंकर तिवारी पिता स्व. भागवत तिवारी 26 वर्ष निवासी डोरला थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा बताया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। अपराध के पक्के सबूत मिलने पर धारा 64(2)(ड़) बीएनएस एवं पोक्सो एक्ट की धारा 4, 6 जोड़कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडेय, महिला प्रधान आरक्षक अंजू एक्का, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, राजेंद्र लकड़ा, अनिल सिंह, निरंजन बड़ा और रामकेश्वर सक्रिय रहे। एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि नाबालिगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है



