.
अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में मानव अधिकार संगठन का सदस्य बताकर ग्रामीणों से डराकर और धमकाकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। डीआईजी और एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर की गई सख्त कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5,000 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन जब्त किया है ।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सुरेंद्र कुमार निवासी नकना, सीतापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे छह अज्ञात व्यक्ति उसके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने खुद को मानव अधिकार संगठन का सदस्य बताते हुए घर की तलाशी ली, शराब बनाने का आरोप लगाकर 20 हजार रुपये की मांग की और केस में फंसाने की धमकी दी। डर के कारण प्रार्थी ने 4 हजार रुपये उन्हें दे दिए।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि आरोपी इसके बाद दूसरे पारा पहुंचे, जहां उन्होंने बिंदू महंत के घर में बिना अनुमति प्रवेश कर तलाशी ली। घर में इलाज के लिए रखी दवाइयों को देखकर उन्होंने क्लीनिक चलाने का आरोप लगाया और 1 लाख रुपये की मांग की। परिवार को लगातार डराकर-धमकाकर आरोपियों ने वहां से 1 हजार रुपये भी ले लिए। इस आधार पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 139/26 के तहत धारा 308(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया ।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए, घटना स्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। सतत प्रयासों के बाद पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान श्याम लाल सारथी, रामाकांत मिंज, अनुज भगत, आकाश केरकेट्टा, अबित खेस और एक महिला आरोपी के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वसूली की योजना बनाकर ग्रामीणों को डराते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि 20 अप्रैल 2026 को उन्होंने बतौली क्षेत्र के देवरी गांव में और लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की वसूली की थी। सीतापुर थाना क्षेत्र में दोनों घरों से कुल 5,000 रुपये लेने की बात सामने आई, जिसे आपस में बांटने की योजना थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5,000 रुपये नकद बरामद किए और घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन जप्त किया। विवेचना के आधार पर मामले में धारा 333, 61(2), 112 और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है ।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई क्षेत्र में इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए की गई है। थाना प्रभारी सीतापुर सहित पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए समय रहते गिरोह को पकड़ लिया। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



