अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 2 अप्रैल 2026।।
सरगुजा जिले के चौकी केदमा क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देश में चौकी केदमा पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बकरी द्वारा अपनी टमाटर की फसल खा जाने के गुस्से में पीड़ित को पीछे से टांगी से पीठ पर गंभीर चोट पहुंचाई थी।
पुलिस ने बताया कि 16 फरवरी 2026 को पेंडरखी चौकी केदमा निवासी दिलेश्वर रजक अपनी बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी एक बकरी आरोपी शोभनाथ के आंगन में घुस गई और टमाटर की फसल चट कर गई। इससे आक्रोशित शोभनाथ ने दिलेश्वर को गाली- गलौज देते हुए पीछे से टांगी से उनकी पीठ पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिलेश्वर को सबसे पहले उदयपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित की पत्नी सुसेन ने चौकी केदमा थाना उदयपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और पीड़ित के मेडिकल दस्तावेजों की जांच की। बेड हेड टिकट, एक्सरे तथा सीटी स्कैन रिपोर्ट से चोट गंभीर प्रकृति की पाई गई, जिसमें मृत्यु की संभावना स्पष्ट हुई। आरोपी शोभनाथ ने जान से मारने की नियत से वार किया था, जिसके आधार पर धारा 109 बीएनएस जोड़ी गई। आरोपी शोभनाथ पिता सोमार साय 53 वर्ष निवासी पेंडरखी चौकी केदमा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। उसने अपराध कबूल कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली गई।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी केदमा उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक नामूल राम, आरक्षक जोधन राम तथा मुनेश्वर राम ने सराहनीय भूमिका निभाई।



