अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।।
सरगुजा संभाग के सबसे बड़े पीजी कॉलेज अंबिकापुर में जनभागीदारी समिति के नव नियुक्त अध्यक्ष माता राजमोहिनी देवी वार्ड के युवा पार्षद मनोज गुप्ता के द्वारा आज 12 मई को पदभार ग्रहण किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अनिल सिंहा के द्वारा उनका पुष्प गुच्छ से स्वागत करते हुए पदभार ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत, एमआईसी सदस्य मनीष सिंह,भाजपा महामंत्री विनोद हर्ष सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि मैं स्वयं पीजी कॉलेज का छात्र रहा हूं। इस कॉलेज से मेरी भावनाएं भी जुड़ी हुई है।
कॉलेज में विद्यार्थियों की सुविधा के अनुरूप बेहतर शिक्षा माहौल स्थापित कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के अधोसंरचना विकास, शैक्षिक वातावरण,खेल गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों के विभिन्न समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा। अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि छात्र संगठनों,विद्यार्थियों सहित अन्य लोगों को अपनी मांग रखने का संवैधानिक अधिकार है। वे आंदोलन अथवा मांग रखने के लिए किसी को रोकेंगे नहीं मगर मैं विश्वास दिलाता हूं कि उनके कार्यकाल में पीजी कॉलेज प्रदेश के टॉप कालेजों में शुमार होगा। इस अवसर पर करता राम गुप्ता, श्रीमती प्रेमलता गुप्ता, मनोज सोनी मलखान, पार्षद दीपक गुप्ता सहित प्राध्यापक,विद्यार्थी और अन्य अतिथि मौजूद थे।




