प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक साल तक सोना न खरीदने की अपील ने देशभर के सराफा व्यापारियों में नई उम्मीद जगाई है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस अपील का खुलकर स्वागत करते हुए इसे व्यापारियों और राष्ट्रहित के बीच मजबूत कड़ी बताया है। उन्होंने कहा है कि 1 साल का संयम सालों साल की समृद्धि लाएगा। तिजोरियों में बंद डेड कैपिटल अब ग्रोथ इंजन बनेगा।
दो वर्षों से वैश्विक युद्धों और आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी आई है। इस दौरान सिर्फ बुलियन गोल्ड का लेन-देन हो रहा है, जिससे पारंपरिक ज्वेलरी व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। छोटे-मध्यम सराफा व्यापारी घाटे और कारोबार की कमी से जूझ रहे हैं। सोनी ने कहा कि पीएम मोदी की यह अपील हमारी संजीवनी है। इससे सोने का आयात घटेगा, विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत होगा और रुपया स्थिर रहेगा। नतीजतन, अन्य व्यापार क्षेत्रों में लागत कम होगी, जो सीधे हमें लाभ देगी।
सराफा बाजार को 'सर्विस सेक्टर' बनाने की दिशा
सोनी ने जोर देकर कहा कि यह सही समय है जब सराफा बाजार को केवल खरीद-बिक्री से आगे बढ़ाकर सर्विस सेक्टर में तब्दील किया जाए। जब जनता का पैसा बैंकों और उद्योगों में लगेगा, तो रोजगार बढ़ेगा और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। तिजोरियों में सोना अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाता है, जबकि सर्कुलेशन में आया पैसा विकास का इंजन बनेगा। उन्होंने ब्रांडेड ज्वेलरी कंपनियों के भ्रामक प्रचार पर चेतावनी दी। कॉर्पोरेट घरानों से खरीदारी करने पर भारतीय रुपये विदेश चले जाते हैं, जो हमारी अर्थव्यवस्था को कमजोर करता है। एसोसिएशन पहले भी लोगों से स्थानीय व्यापारियों से ही खरीदारी की अपील कर चुका है।
स्वर्ण शिल्प कला बोर्ड गठन की मांग तेज
वैश्विक उथल-पुथल के दो वर्षों ने सराफा बाजार को बुरी तरह प्रभावित किया है। पीएम अपील से संकट से उबरने की उम्मीद है, लेकिन सोनी ने दीर्घकालिक समाधान के तौर पर स्वर्ण शिल्प कला बोर्ड' के गठन पर जोर दिया। जिन राज्यों में यह बोर्ड नहीं है, वहां तत्काल गठन हो। छत्तीसगढ़ में हम दो वर्षों से इसकी मांग कर रहे हैं। बोर्ड से पारंपरिक आभूषण कला का संरक्षण होगा। सोनी समाज और अन्य स्वर्ण शिल्पकारों को सरकारी संरक्षण मिलेगा। स्थानीय कारीगरों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देकर मेक इन इंडिया के तहत वैश्विक बाजार के लिए तैयार किया जाएगा। इससे हजारों परिवारों को रियायती ऋण, बीमा और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, साथ ही रोजगार सुनिश्चित होगा।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने पीएम अपील को व्यापारियों का 'राष्ट्र के प्रति सबसे बड़ा योगदान' बताते हुए सभी से संयम बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत को सोने के आयात पर निर्भरता से मुक्त कर आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है। एसोसिएशन के सरगुजा संभागीय अध्यक्ष राजेश सोनी ने प्रदेश अध्यक्ष के विचार का समर्थन करते हुए पीएम मोदी के अपील का स्वागत करते हुए कहा कि अत्यधिक सोने की खरीदी (भंडारण ) से परहेज करते हुए राष्ट्र हित में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।




