असफलताओं से घबराएं नहीं और हर छोटी जीत को भी उत्सव की तरह मनाएं : मनोज गुप्ता ! झमाझम बारिश के बीच शहर में हाकी खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल,खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने किया आयोजन

असफलताओं से घबराएं नहीं और हर छोटी जीत को भी उत्सव की तरह मनाएं : मनोज गुप्ता ! झमाझम बारिश के बीच शहर में हाकी खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल,खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने किया आयोजन

khabrigullak.com
By -
0

अम्बिकापुर। खबरी गुल्लक 

जिला प्रशासन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में हर वर्ष की तरह इस साल भी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में भव्य रूप से मनाई गई। जिले के पीजी कॉलेज हॉकी स्टेडियम में पुरुष व महिला वर्ग के बीच मैत्रीपूर्ण हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें झमाझम बारिश के बीच भी करीब 





150 खिलाड़ी प्रबल जोश के साथ मैदान में उतरे और शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की टीमों में जिला हॉकी संघ सरगुजा, छोटा-नागपुर, बढ़नी-झरिया व नमनाकला-अम्बिकापुर शामिल रहीं। महिला वर्ग में शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर, शासकीय कन्या परिसर, होलीक्रास महिला कॉलेज व शासकीय पीजी कॉलेज की टीमें भागीदार रहीं। जिले के हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और मलखम्भ के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि विधायक प्रबोध मिंज की उपस्थिति में कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ युवा पार्षद व पीजी कॉलेज के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का उद्घाटन कराया। कार्यक्रम में जिले के खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिकों की भी अच्छी उपस्थिति रही। विभाग के सहायक संचालक राम कुमार सिंह ने आयोजन का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

जीवन का लक्ष्य केवल जीत नहीं ,मेहनत के साथ अनुशासन भी - मनोज गुप्ता

जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता का उद्बोधन कार्यक्रम का प्रेरक केंद्र बना। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद केवल एक नाम नहीं, बल्कि ईमानदारी, समर्पण और खेल भावना का प्रतीक हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सिर्फ विजयी होना लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि मेहनत, अनुशासन और टीम भावना से खेलना असली सफलता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे खेल को जीवन का हिस्सा बनाएं, असफलताओं से घबराएं नहीं और हर छोटी जीत को भी उत्सव की तरह मनाएं। मनोज गुप्ता ने कहा कि खेल नस्ल, वर्ग या पृष्ठभूमि नहीं देखते  वे केवल संघर्ष और प्रतिबद्धता की पहचान करते हैं। अंत में उन्होंने स्थानीय अभिभावकों और समाज से खिलाड़ियों के समर्थन और सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

यह रहे विजेता, उपविजेता 

 महिला वर्ग में शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर ने फाइनल में 3-2 से विजयी प्रदर्शन करते हुए पहली स्थान हासिल किया। होलीक्रास महिला कालेज उपविजेता रहा।

पुरुष वर्ग में नमनाकला-अम्बिकापुर की टीम विजयी रही, जबकि जिला हॉकी संघ सरगुजा उपविजेता रहा।

मैदान में निर्णायक पीटीआई अभिषेक मिंज, ललित, नीतेश, मनोज और सुरेश ने भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक राकेश मिश्रा तथा शिक्षक सुनिता दास ने किया। आभार प्रदर्शन देवेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। आयोजन में देवनाथ एक्का, अमर प्रसाद सिंह, प्रदीप कुजूर सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। विधायक प्रबोध मिंज ने कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद के योगदान पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की और कहा कि ऐसी गतिविधियाँ युवा वर्ग में अनुशासन व स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देती हैं। विजयी टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)