अम्बिकापुर।खबरी गुल्लक।
सनराइज हायर सेकेंडरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के मनमोहक स्वरूप में सज-धजकर विद्यालय पहुंचे। नन्हे कान्हा के सिर पर मोरपंख, हाथों में बांसुरी और राधा के सुंदर वेश में सजी बच्चियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और आकर्षक वेशभूषा ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और उनके द्वारा दिए गए प्रेम, सद्भाव एवं धर्म के संदेश को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। विद्यालय के डायरेक्टर श्री एफडी खान, प्राचार्य अजहरुद्दीन खान एवं उप प्राचार्य अभिजीत दासगुप्ता ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सालेहा परवीन, भगवती रवि, करीना मैम एवं तौसीफ रज़ा का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय के शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय एवं आनंदमय वातावरण से सराबोर रहा। सनराइज हायर सेकेंडरी स्कूल द्वारा आयोजित यह जन्माष्टमी महोत्सव बच्चों के लिए आनंद, उत्साह और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का एक यादगार अवसर बना।





