सूरजपुर। खबरी गुल्लक। 4 सितंबर 2026
थाना ओड़गी अंतर्गत ग्राम मांदर में रेड नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण टापूनुमा स्थान पर फंसे एक युवक को पुलिस, एसडीआरएफ टीम एवं ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना 2 सितंबर 2026 की सुबह की है, जब युवक मछली मारने नदी गया था और बाढ़ के कारण फंस गया था।
ग्राम मांदर निवासी अशोक पिता ननकू चेरवा आयु 30 वर्ष अपने दो साथियों के साथ सुबह करीब 10 बजे नदी में मछली मारने गया था। इसी दौरान नदी में अचानक बाढ़ आ गई और पानी का बहाव तेज होने से अशोक नदी के बीच स्थित टापूनुमा स्थान पर फंस गया। युवक के पास मोबाइल नहीं था, जिससे वह किसी को सूचना नहीं दे सका।
युवक के नदी में फंसे होने की सूचना मिलते ही थाना ओड़गी स्टाफ एवं एसडीआरएफ सूरजपुर की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर सुरक्षित रेस्क्यू करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश देवांगन तथा एसडीओपी ओड़गी राजेंद्र मंडावी के मार्गदर्शन में यह रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी प्रयास एवं परिश्रम कर युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद थाना प्रभारी ओड़गी एवं पुलिस स्टाफ द्वारा युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पूरे रेस्क्यू में थाना प्रभारी ओड़गी निरीक्षक दिनेश कुमार पुरेना, ASI ज्ञानचंद सिंह, प्रधान आरक्षक उदय कुमार सिंह, आरक्षक मनोज वर्मा, अनिल एक्का एसडीआरएफ सूरजपुर की टीम सक्रिय रही।




