अंबिकापुर।खबरी गुल्लक ।9 अक्टूबर
विश्व अंडा दिवस प्रत्येक वर्ष अक्टूबर माह के दूसरे शुक्रवार को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में विश्व अंडा दिवस आज 9 अक्टूबर को मनाया जा रहा है। इस वर्ष यह दिवस अपनी 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर विशेष है। विश्व अंडा दिवस की शुरुआत वर्ष 1996 में हुई थी।
पशु पालन विभाग अंबिकापुर के अतिरिक्त उप संचालक डॉ. सीके मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष की थीम ऊर्जा देने और स्वास्थ्य की रक्षा करने वाला प्रोटीन है। इसका उद्देश्य अंडे में उपलब्ध उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन तथा महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
डॉ. सी. के. मिश्रा ने बताया कि अंडा उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का एक अच्छा एवं सुलभ स्रोत है। इसमें शरीर के लिए आवश्यक सभी 9 आवश्यक अमीनो एसिड पाए जाते हैं। प्रोटीन शरीर की मांसपेशियों के विकास, मरम्मत एवं रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंडे में प्रोटीन के साथ-साथ विटामिन D, विटामिन B12, कोलीन और सेलेनियम जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो हड्डियों, मस्तिष्क, तंत्रिका तंत्र तथा प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कार्य में योगदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और किशोरों के विकास एवं शारीरिक वृद्धि, युवाओं में मांसपेशियों के रखरखाव तथा बुजुर्गों में स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए संतुलित आहार में पर्याप्त प्रोटीन महत्वपूर्ण है। अंडा आसानी से उपलब्ध होने वाला और बहुउपयोगी खाद्य पदार्थ है, जिसे संतुलित आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है।
विश्व अंडा दिवस केवल अंडे के पोषण महत्व को समझने का अवसर नहीं है, बल्कि यह पोल्ट्री एवं अंडा उत्पादन से जुड़े किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के महत्व को रेखांकित करने का भी अवसर है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील है कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को समझें और अपनी आवश्यकता एवं स्वास्थ्य संबंधी सलाह के अनुसार अंडे सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करें।




