अंबिकापुर।खबरी गुल्लक। 11 अक्टूबर 2026
थाना गांधीनगर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनका कुल मूल्य लगभग एक लाख रुपये बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुशील शांडिल्य आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना कोतवाली और थाना गांधीनगर में पहले से अपराध दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।
सिंह कॉलोनी से चोरी की गई थी स्प्लेंडर प्लस
पुलिस को मिली रिपोर्ट के अनुसार, कुंभीडांड वाड्रफनगर निवासी एवं हाल में सिंह कॉलोनी, तुर्रापानी, अंबिकापुर में रह रहे रोहित सिंह ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता के नाम की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन नंबर सीजी/29/एजी/3079 सिंह कॉलोनी परिसर में खड़ी थी। दिनांक 18 सितंबर 2026 की रात अज्ञात व्यक्तियों ने उसे चोरी कर लिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 594/26 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध सुशील शांडिल्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम सुशील शांडिल्य पिता सधवन शांडिल्य 26 वर्ष, निवासी धंधापुर रेवतपुर, थाना राजपुर, हाल मुकाम नमनाकला पुराना पानी टंकी के पास, थाना गांधीनगर बताया।पूछताछ में सुशील ने स्वीकार किया कि उसने 19 सितंबर को अपने साथी अभिषेक सोनी के साथ मिलकर सिंह कॉलोनी से स्प्लेंडर प्लस चोरी की थी। चोरी के बाद वाहन में तेल खत्म होने पर दोनों ने उसे सुभाषनगर में छिपा दिया और नंबर प्लेट खोलकर फेंक दी थी।
दूसरी मोटरसाइकिल की चोरी भी स्वीकारी
पूछताछ के दौरान आरोपी सुशील ने यह भी बताया कि इससे पहले उसने सुभाषनगर स्थित राधे निवास के पास से एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन नंबर सीजी/15/डीडब्ल्यू/3084 चोरी कर छिपाकर रखी थी। इस चोरी का मामला भी थाना गांधीनगर में दर्ज है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मामले में शामिल दूसरे आरोपी अभिषेक सोनी को पकड़ा। उसने अपना नाम अभिषेक सोनी, पिता जवाहर सोनी 23 वर्ष, निवासी सुभाषनगर, अंबिका विद्या निकेतन स्कूल के पास, थाना गांधीनगर बताया और वाहन चोरी में शामिल होना स्वीकार किया।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद मशरुके का कुल मूल्य लगभग एक लाख रुपये आंका गया है। सुभाषनगर से चोरी हुई दूसरी मोटरसाइकिल के मामले में भी आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। जिन लोगों की वाहन चोरी हुई है, उन्हें वाहन अपने नियंत्रण में रखने, लॉक का प्रयोग करने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सोनवानी तथा आरक्षक राहुल सिंह एवं रमन मण्डल सक्रिय रहे।




