सरगुजा पुलिस ने नष्ट किया 800 मॉडिफाइड साइलेंसर ... रोड रोलर ने निकाला कुचुमर

सरगुजा पुलिस ने नष्ट किया 800 मॉडिफाइड साइलेंसर ... रोड रोलर ने निकाला कुचुमर

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर।खबरी गुल्लक 

तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरगुजा पुलिस ने जब्त किए गए लगभग 800 साइलेंसरों को नष्ट कर दिया। शुक्रवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में इन साइलेंसरों पर रोड रोलर चलवाकर उनका विधिवत नष्टीकरण किया गया।

पुलिस के अनुसार, बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों में कंपनी के मूल साइलेंसर को बदलकर पटाखे जैसी आवाज निकालने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस तथा विभिन्न थानों और चौकियों की टीमों ने पिछले कुछ महीनों से ऐसे वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाए गए और उन्हें जब्त किया गया। इसी क्रम में पहले जब्त किए गए साइलेंसरों को नष्ट किया गया। पुलिस ने बताया कि वाहन निर्माता कंपनी द्वारा लगाए गए मूल साइलेंसर में बदलाव करना मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में वाहन चालकों के विरुद्ध भारी समन शुल्क की कार्रवाई की जा सकती है तथा प्रकरण न्यायालय में भी प्रस्तुत किया जा सकता है। सरगुजा पुलिस ने शहर के ऑटो पार्ट्स संचालकों, मैकेनिकों और गैरेज स्वामियों को सख्त हिदायत दी है कि वे वाहनों के लिए अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर न बेचें और न ही लगाएं। किसी दुकान या गैरेज में ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप मूल साइलेंसर ही रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)