अंबिकापुर। खबरी गुल्लक । 9 अक्टूबर 2026।
टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने 8 अक्टूबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्तर पर जोश ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ टीम का शुभारंभ किया। प्रथम चरण में देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में प्रारंभ इस पहल के अंतर्गत सरगुजा जिले में भी कलेक्टर अजीत बसंत के मार्गदर्शन में जोश टीम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन की निगरानी हेतु नियुक्त प्रथम श्रेणी अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, सरपंच, पंच, स्वास्थ्य अधिकारी एवं युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे। इस अवसर पर माई भारत के जिला नोडल अधिकारी प्रिंस एवं विभिन्न विकासखंडों में कार्यरत माई भारत स्वयंसेवकों को टीबी जनजागरूकता हेतु विशेष किट प्रदान की गई। जोश टीम में माई भारत के स्वयंसेवक एवं एनसीसी कैडेट शामिल होकर घर-घर टीबी के लक्षणों की पहचान, निःशुल्क जांच, उपचार, पोषण सहायता एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाएंगे। टीम नोडल अधिकारियों के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर टीबी उन्मूलन अभियान को गति देगी।
जिला क्षय उन्मूलन कार्यक्रम सरगुजा के प्रभारी डा शैलेन्द्र गुप्ता सरगुजा जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही कि वर्ष 2025 के लिए बतौली को टीबी मुक्त विकासखंड का सम्मान प्राप्त हुआ। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 8 अक्टूबर 2026 को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। यह उपलब्धि कलेक्टर श्री अजीत बसंत के मार्गदर्शन, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष सिंह के अथक प्रयासों तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों, मितानिनों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सामूहिक सहभागिता का परिणाम है।कार्यक्रम में टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरित किया गया तथा वर्ष 2025 में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत का लक्ष्य प्राप्त करने वाली पंचायतों के सरपंचों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। जिले की कुल 439 ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में पंचायतें टीबी मुक्त होने की उपलब्धि प्राप्त कर चुकी हैं। शेष पंचायतों को भी टीबी मुक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीएस सरुता ने बताया कि सरगुजा के सभी विकासखंडों में टीबी की आवश्यक जांच एवं निःशुल्क उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने नागरिकों से टीबी मरीजों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करने, उन्हें सहयोग एवं सम्मान देने तथा प्रत्येक पात्र मरीज तक शासन की पोषण सहायता एवं अन्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वास्थ्य विभाग, युवा शक्ति, जनप्रतिनिधियों एवं समाज की सक्रिय सहभागिता से आने वाले समय में संपूर्ण सरगुजा जिले को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा।








