अंबिकापुर ।खबरी गुल्लक। 11 अक्टूबर 2026
सरगुजा जिले के थाना लुण्ड्रा क्षेत्र में खेत से समरसिबल मोटर पम्प चोरी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी लालू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का करीब 30 हजार रुपये मूल्य का एक मोटर पम्प और एक सेट समरसिबल पम्प जप्त किया है। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में गिरफ्तार सत्यनारायण के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का आरोपी है।
![]() |
| गिरफ्तार आरोपी लालू यादव |
पुलिस के अनुसार ग्राम तुरियाबीरा निवासी संजय कुमार गुप्ता ने थाना लुण्ड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगा समरसिबल मोटर पम्प अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया है। इसके बाद थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 111/26 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 112 तथा 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्धों पर लगातार नजर रखी। पूर्व की कार्रवाई में संदिग्ध सत्यनारायण को चोरी की गई मोटरसाइकिल और पम्प के साथ पकड़ा गया था, लेकिन उसका साथी मौका पाकर फरार हो गया था। बाद में उसकी पहचान लालू यादव के रूप में हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी लालू यादव अपने गांव में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी घेराबंदी की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लालू यादव, पिता नानसाय यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम तुरियाबीरा, थाना लुण्ड्रा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी सत्यनारायण के साथ मिलकर मोटर पम्प और समरसिबल पम्प चोरी किया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखे गए एक मोटर पम्प और एक सेट समरसिबल पम्प जप्त किया, जिसका कुल मूल्य लगभग 30 हजार रुपये बताया जा रहा है। प्रकरण में अपराध के सबूत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।





