विजयादशमी महोत्सव: महिला मानस प्रतियोगिता में प्रज्ञा मानस मंडली आंजोरपुर प्रथम

विजयादशमी महोत्सव: महिला मानस प्रतियोगिता में प्रज्ञा मानस मंडली आंजोरपुर प्रथम

khabrigullak.com
By -
0

 


अंबिकापुर।खबरी गुल्लक । 13 अक्टूबर। 

सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ऐतिहासिक विजयादशमी महोत्सव 2026 की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक श्रृंखला का मंगलवार को कलाकेंद्र मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। द्विदिवसीय संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता के पहले दिन महिला मानस मंडलियों ने अपनी सुमधुर, भावपूर्ण और भक्तिरस से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों के सस्वर गायन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। प्रतियोगिता में प्रज्ञा मानस मंडली आंजोरपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं माँ शारदा मानस मंडली बतरा द्वितीय तथा कौशलेन्द्र मानस मंडली रामानुजनगर तृतीय स्थान पर रही।





कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम दरबार, आदिशक्ति मां दुर्गा के नौ स्वरूपों तथा ज्ञान की देवी मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजन के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय पंडित रविशंकर त्रिपाठी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके दूरदर्शी विचारों और अथक प्रयासों से रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता को संभाग स्तरीय पहचान मिली है। आयोजन के माध्यम से उनकी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

महिला मानस मंडलियों ने प्रस्तुत किया भक्ति और संगीत का अनूठा संगम

प्रतियोगिता के पहले दिन सरगुजा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं महिला मानस मंडलियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ढोलक, मंजीरे और हारमोनियम की मधुर संगत के बीच रामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिलाओं ने अपनी गायन शैली, सुर-ताल और भक्ति भाव के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं मानस की महिमा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्त निर्णायकों श्रीमती पूर्णिमा पटेल एवं दिनेश कुमार मिश्र के मूल्यांकन के आधार पर प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। इसमें प्रज्ञा मानस मंडली आंजोरपुर ने 100 में से 79 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। माँ शारदा मानस मंडली बतरा 76 अंकों के साथ दूसरे तथा कौशलेन्द्र मानस मंडली रामानुजनगर 75 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता में माँ संतोषी दुर्गा मानस मंडली पिपरा, ज्योति मानस मंडली खरवत, माँ शारदा मानस मंडली उदयपुर, माँ कामेश्वरी मानस मंडली गिरजाही और शिव मानस मंडली लटमा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। सभी मंडलियों ने अपनी साधना, संगीत और रामभक्ति के माध्यम से आयोजन को यादगार बनाया।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्यगण और पार्षदगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजयादशमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं को संरक्षित करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी, नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, अनिल सिंह (मेजर), भारत सिंह सिसोदिया, महासचिव मधुसूदन शुक्ला, ललन प्रताप सिंह, आलोक दुबे, दीपक सोनी, राजेश कश्यप, पीयूष कुमार त्रिपाठी, श्याम कश्यप 'बेचैन', दुर्गेश गुप्ता, राजकुमार बंसल, आकाश गुप्ता, प्रयागराज साहू, राहुल त्रिपाठी, नीलू कश्यप, शकुंतला पाण्डेय, बीना दुबे, माया मिश्रा, प्रियंका चौबे, जितेंद्र सोनी, महेंद्र अग्रवाल, मनोज सोनी, निशांत पाण्डेय, संजीव वर्मा, श्रीमती अरुणा सिंह, सरिता जायसवाल, शालिनी सिंह, नीलम राजवाड़े और अनामिका पैकरा सहित बड़ी संख्या में नगर के प्रबुद्ध नागरिक, माताएं-बहनें और रामभक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयुक्त रूप से संचालन नरेंद्र सिंह टुटेजा एवं वीर सोनी ने किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और दर्शकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने महोत्सव की गरिमा को और बढ़ाया।

आज पुरुष मानस मंडलियों की प्रतियोगिता और राम रूप सज्जा

विजयादशमी महोत्सव के अंतर्गत बुधवार, 14 अक्टूबर को कार्यक्रमों की श्रृंखला आगे बढ़ेगी। कलाकेंद्र मैदान के खुले मंच पर प्रातः 10 बजे से संभाग स्तरीय पुरुष मानस मंडलियों की रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही बच्चों के लिए आकर्षक राम रूप सज्जा प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें बच्चे भगवान श्रीराम के स्वरूप में सजकर अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजक समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतियोगिताओं का आनंद लेने और विजयादशमी महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)