ब्रेकिंग : धोखाधड़ी कर जमीन की अवैध रजिस्ट्री कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार.. रघुनाथपुर पुलिस की भू-माफिया के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

ब्रेकिंग : धोखाधड़ी कर जमीन की अवैध रजिस्ट्री कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार.. रघुनाथपुर पुलिस की भू-माफिया के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

khabrigullak.com
By -
0


अम्बिकापुर/रघुनाथपुर।।खबरी गुल्लक। 5 अक्टूबर 2026।

जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी और षड्यंत्रपूर्वक दूसरे लोगों की कीमती जमीन अपने नाम कराने के मामले में रघुनाथपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जमीन के मूल रजिस्ट्रेशन दस्तावेज सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की विवेचना जारी है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में चौकी रघुनाथपुर पुलिस द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त भू-माफिया और धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।


दस लाख रुपये में जमीन खरीदने का किया था सौदा

पुलिस के अनुसार, ग्राम उचडीह निवासी मंगली बाई ने चौकी रघुनाथपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया अपनी स्वामित्व वाली ग्राम उचडीह स्थित खसरा नंबर 29/2 और 61/2 की भूमि, जिसका क्षेत्रफल क्रमशः 0.284 हेक्टेयर और 0.081 हेक्टेयर है, बेचना चाहती थी। इसी दौरान आरोपी रंजय कुमार जायसवाल  ने छेरतु यादव के माध्यम से प्रार्थिया से संपर्क किया। दोनों पक्षों के बीच जमीन का सौदा 10 लाख रुपये में तय हुआ। आरोप है कि 29 जुलाई 2026 को रंजय कुमार जायसवाल प्रार्थिया और उसके पुत्र को अम्बिकापुर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय ले गया और उन्हें झांसा देकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। आरोपी ने प्रार्थिया को घर पहुंचने के बाद जमीन की बिक्री राशि देने का भरोसा दिलाया, लेकिन रकम का भुगतान नहीं किया। बाद में जब दस्तावेजों की जानकारी सामने आई तो पता चला कि आरोपी ने तय की गई जमीन के बजाय प्रार्थिया की मंदबुद्धि सगी रिश्तेदार और उसके पुत्र के नाम दर्ज अन्य कीमती जमीनों की रजिस्ट्री अपनी पत्नी के नाम करा ली थी।

 दो अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज

घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी रंजय कुमार जायसवाल के विरुद्ध अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके अतिरिक्त, आरोपी रंजय कुमार जायसवाल और अमरसाय मानिकपुरी पर गंगापुर निवासी धनेश्वरी पनिका के साथ भी इसी प्रकार षड्यंत्रपूर्वक धोखाधड़ी करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 230/2026 के तहत धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है।

 पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सरगुजा ने रघुनाथपुर पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम द्वरा लगातार आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 में शामिल आरोपी रंजय कुमार जायसवाल , पिता त्रिलोकीनाथ जायसवाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम बटवाही, चौकी रघुनाथपुर, थाना लुण्ड्रा, जिला सरगुजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

वहीं अपराध क्रमांक 230/2026 में वांछित आरोपी रंजय कुमार जायसवाल के साथ अमरसाय मानिकपुरी, पिता नईहर साय, उम्र 30 वर्ष, निवासी गंगापुर धनौलीपारा, चौकी रघुनाथपुर, थाना लुण्ड्रा, जिला सरगुजा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

 मूल रजिस्ट्री दस्तावेज जब्त

पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से प्रकरण से संबंधित जमीन के मूल रजिस्ट्रेशन पेपर और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी भोले-भाले लोगों को जमीन खरीदने का झांसा देकर षड्यंत्रपूर्वक रजिस्ट्री कराने का काम करते थे। आरोपियों के विरुद्ध अपराध के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

 पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

सम्पूर्ण कार्रवाई में चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आरएन. पटेल, प्रधान आरक्षक नारायण चौधरी, महिला आरक्षक *अखबरी खातून, आरक्षक इदरीश खान, उमेश खुटिया, संजय केरकेट्टा, आशीष निश्चल और *नेस्दोर कुजूर की सक्रिय भूमिका रही।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)