अम्बिकापुर।खबरी गुल्लक
संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के आकाशवाणी चौक स्थित उर्सुलाइन अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्रावास में आज गुरुवार शाम 12वीं की एक छात्रा ने बिल्डिंग पर चढ़कर आत्महत्या की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस, स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति के बीच एक युवक ने बिल्डिंग के बाहर से चढ़कर छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारा और उसकी जान बचाई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र की रहने वाली छात्रा उर्सुलाइन स्कूल में 12वीं की पढ़ाई कर रही है और स्कूल से संचालित छात्रावास में रहती है। अचानक वह छात्रावास की बिल्डिंग के बाहरी हिस्से से ऊपर चढ़ गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। वह शोर मचा आत्महत्या करने की धमकी दे रही थी।
सूचना मिलने पर पुलिस बल और स्कूल प्रबंधन के अधिकारी तत्काल पहुंचे। काफी देर तक छात्रा को समझाने और उसे सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान सामाजिक कार्यकर्ता शिल्पा पाण्डेय और नगर सैनिकों के अलावा एक उत्साही युवक ऊपर पहुंचा। शिल्पा पाण्डेय ने छात्रा को अपनी बातों में उलझाए रखी इसी बीच मौका पाकर उत्साही युवक ने छात्रा को पीछे से पकड़ लिया और समझाइस देकर सुरक्षित नीचे उतारा गया।
छात्रा जब छत के ऊपर थी, इसी दौरान घटना की सूचना मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रा से बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया। हालांकिअब तक छात्रा द्वारा इस कदम उठाने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और स्कूल प्रबंधन मामले की जांच कर रहे हैं। छात्रा के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसे पहले से कोई मानसिक तनाव, परीक्षा संबंधी दबाव, पारिवारिक विवाद या छात्रावास से जुड़ी कोई समस्या थी।सुप्रीम कोर्ट का गाइड लाइन है कि स्कूलों में छात्राओं,विद्यार्थियों की समस्या,मनोदशा को समझने काउन्सलर रखने और कोई समस्या हो तो उसका निराकरण कराए जाने का निर्देश है,मगर शिक्षा विभाग अभी तक स्कूलों में यह सुनिश्चित नहीं करा पाया है।
स्कूल प्रबंधन पर सवाल
घटना के बाद छात्रावास में छात्राओं की सुरक्षा, निगरानी और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी देखभाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों की मांग है कि स्कूल प्रबंधन छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की समस्याओं पर नियमित नजर रखे और काउंसलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
पुलिस के अनुसार छात्रा से पूछताछ की गई है। लेकिन आत्महत्या की कोशिश का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। मामले में आगे की कार्रवाई छात्रा के बयान, परिजनों की जानकारी और स्कूल प्रबंधन से मिली जानकारी के आधार पर की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया स्वय छात्रा भी यह बात नहीं समझ पा रही है। उसे पछतावा है कि उसने ऐसा क्यों किया।




