अंबिकापुर। मणिपुर थाना क्षेत्र में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता दल ने दबिश दे दर्रीपारा निवासी बलराम मिश्रा के कब्जे से साढ़े तीन किलो गांजा बरामद किया। सहायक आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मुताबिक कार्यवाई के दौरान आरोपी के घर में मौजूद महिला सदस्यों ने हुज्जत बाजी करते हुए कार्यवाही बाधित करने की कोशिश की गई। महिला सैनिक और आरक्षक की वर्दी भी फाड़ दी। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मगर कार्यवाई में बाधा डालने और वर्दी फाड़ने वालों पर कोई कार्यवाई नही की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दिया था। टीम के द्वारा वर्दी फाड़े जाने की शिकायत मणिपुर थाना में की गई है, जिसपर अभी कोई कार्यवाई नही हो सकी है। विदित हो कि मणिपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा सहित अन्य नशे के कारोबार की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। नशे के शौकीनों के द्वारा भी आए दिन मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। कतिपय पुलिस के मैदानी अमले की मिलीभगत से नशे का कारोबार फल फूल रहा है। नशे के कारोबारी बेखौफ हो गए हैं, अब तो पुलिस पर हमला करने से भी नही चूक रहे हैं। कई बार सूचना के बाद भी कार्यवाई नहीं की जाती है, यही कारण है कि अब गांजा कारोबार की सूचना पुलिस के बजाए आबकारी विभाग को दी गई। नागरिकों के द्वारा पुलिस प्रशासन से नशे के खिलाफ अभियान चला निरंतर कार्यवाई की आवश्यकता जताई गई है।




