अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक ।।
सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरता के घाघीपारा में हुए निः संतान दंपति रीमा लकड़ा 52 वर्ष और उसकी पत्नी उर्मिला लकड़ा 50 वर्ष की हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। घटना का पता चलने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने हर पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल करते हुए यह कामयाबी पाई। सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए आरोपी में से एक बैगा का दोस्त भी शामिल है। बकरा चोरी करने के लिए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक रीमा लकड़ा पेट दर्द की बीमारी से जूझ रहा था, जिससे वह गांव के ही एक बैगा से झाड़ फूंक करा रहा था। मृतक के छोटे भाई ने पुलिस को यह जानकारी दी थी कि दिवाली के दूसरे दिन बैगा और उसका दोस्त रीमा लकड़ा के घर शराब पीने के लिए आए थे। उसी दिन रात लगभग 11 बजे बैगा का दोस्त एक जीवित बकरा , प्याज और कंधे में टांगी लटकाकर रीमा लकड़ा के छोटे भाई दुहन लकड़ा के घर आया था। उसने दुहन से कहा बकरा बनाना है। दुहन द्वारा इंकार कर दिए जाने से बैगा का दोस्त बकरा और प्याज लेकर वहां से चला गया था। बताया जा रहा है कि बैगा के दोस्त ने उस बकरे को दूसरे बुधवार को सुबह गांव में ही बेच दिया था और शराब खरीद रीमा लकड़ा के घर पर पहुंचा। उसने दंपति को भी छक कर दारू पिलाया था। रीमा लकड़ा ने घर पर 12 बकरी का पालन भी किया था। सूत्रों के मुताबिक बैगा के दोस्त की उन बकरियों पर नजर लगी हुई थी और योजना बद्ध तरीके से कुछ लोगों के साथ मिल हर कदम उठा रहा था। बुधवार को ही गांव के कुछ लोग धान काटने के लिए बोलने रीमा लकड़ा के घर पर गए थे।कई बार आवाज देने के बाद भी जब भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो गांव वाले रीमा के छोटे भाई दुहन लकड़ा के घर पहुंचे और इसकी जानकारी दी। अत्यधिक शराब सेवन की आशंका पर दुहन बड़े भाई रीमा लकड़ा के घर पहुंचा, आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। भीतर कम्बल से ढंके हुए अवस्था में रीमा और उसकी पत्नी उर्मिला लकड़ा दोनों जमीन पर पड़े थे। जब कंबल हटाया गया तो दोनों का शव रक्त रंजित अवस्था में पड़ा था और घर पर पाले गए 7 बकरे भी गायब थे। यह जानकारी मिलने पर पुलिस ने इसे बड़ा सुराग मानते हुए जब बारीकी से पड़ताल शुरू की और बैगा के दोस्त को पकड़ पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार करते हुए घटना में अन्य लोगों के शामिल होने की भी जानकारी दी। जिससे पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया। इस मामले का विस्तृत खुलासा आज शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे।



