स्विट्जरलैंड।। खबरी गुल्लक।। 2 जनवरी 2026
स्विट्जरलैंड के बर्फीले आल्प्स में स्थित विश्व प्रसिद्ध क्रान्स-मोंटाना स्की रिसॉर्ट पर नए साल की धूम मातम में बदल गई। लोकप्रिय बार ले कॉन्स्टेलेशन में भीषण आग लगने से कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 115 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई विदेशी पर्यटक शामिल हैं। हादसा स्थानीय समयानुसार रात 1:30 बजे हुआ, जब लोग नए साल के जश्न में मग्न थे।
मोमबत्ती वाली बोतल बनी मौत का कारण..!
वैलेस कैंटन पुलिस के प्रमुख फ्रेडरिक गिस्लर के मुताबिक, एक कर्मचारी हाथ में जलती मोमबत्ती वाली बोतल लिए जा रहा था। इसी दौरान बोतल लकड़ी की छत से टकराई और आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग पूरे बार में फैल गई, छत ढह गई और जोरदार धमाका हो गया। बार में 100 से अधिक लोग मौजूद थे, जो इसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बेसमेंट में स्थित नाइट क्लब से बाहर निकलने के लिए भगदड़ मच गई। संकरी सीढ़ियां और एकमात्र मुख्य द्वार होने से कई लोग फंस गए। कुछ ने जान बचाने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े, लेकिन इससे वे गंभीर रूप से कट गए। वीडियो फुटेज में आग की ऊंची लपटें और घने धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा है, जिसमें लोग मदद के लिए चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं।
मौत और घायलों की पहचान में चुनौती
हादसे के बाद बचाव कार्य तुरंत शुरू हो गया। घायलों को सियोन, लॉजेन, जिनेवा और ज्यूरिख के प्रमुख अस्पतालों में भर्ती किया गया है। गिस्लर ने कहा, "कई शव बुरी तरह झुलस चुके हैं, जिससे पीड़ितों की शिनाख्त बड़ी चुनौती बनी हुई है।" मरने वालों में स्थानीय निवासी और विदेशी पर्यटक दोनों शामिल हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लिए हेल्पलाइन और रिसेप्शन सेंटर स्थापित किया है। एहतियातन क्रान्स- मोंटाना क्षेत्र में नो-फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है और अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने किसी आतंकी हमले की आशंका को सिरे से खारिज कर दिया है।
राष्ट्रपति ने जताया गहरा शोक
स्विस संघीय राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा जो पल उत्सव का होना चाहिए था, वह एक डरावने सपने में बदल गया। क्रान्स- मोंटाना 15,000 की आबादी वाला लग्जरी पर्यटन स्थल है, जो साल भर धूप पाने के लिए मशहूर है। यहां का ले कॉन्स्टेलेशन बार 2015 में खुला था और पर्यटकों में बेहद लोकप्रिय था। यह रिसॉर्ट स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और लग्जरी वेकेशन के लिए जाना जाता है। प्रशासन ने अन्य पर्यटकों से सावधानी बरतने और चिकित्सा संसाधनों पर दबाव न डालने की अपील की है। जांच जारी है, और आग के सटीक कारणों की पड़ताल हो रही है।

.jpg)





















