सूरजपुर।। खबरी गुल्लक।। (भूपेंद्र राजवाड़े)।।
छत्तीसगढ़। पूर्व जिला अध्यक्ष (भाजपा) एवं चेयरमैन, रेड क्रॉस सोसाइटी सूरजपुर, श्री बाबूलाल अग्रवाल ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण का ब्लूप्रिंट बताया है। श्री अग्रवाल ने कहा कि यह बजट स्वास्थ्य सेवा, कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर के त्रिवेणी संगम जैसा है, जो देश के हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए किए गए अभूतपूर्व प्रावधानों का स्वागत किया, जिसमें कैंसर की 17 दवाओं पर सीमा शुल्क की समाप्ति, जिला अस्पतालों में आपातकालीन व ट्रॉमा केयर सुविधाओं में 50% की वृद्धि और 'बायोफार्मा शक्ति' पहल के तहत ₹10,000 करोड़ का आवंटन शामिल है। बजट में 1.5 लाख हेल्थकेयर वर्कर्स को प्रशिक्षण देने और आयुष क्षेत्र में नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना का निर्णय एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र की नींव रखेगा।
श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर को 2026-27 तक पूरा करने का लक्ष्य और NH-53 को स्टील कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना राज्य के औद्योगिक परिदृश्य को बदल देगी। साथ ही, एकलव्य विद्यालयों के लिए ₹7,150 करोड़ का आवंटन छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचलों में शिक्षा की नई अलख जगाएगा। यह बजट समाज के हर वर्ग के लिए खुशहाली लेकर आया है। जहां मध्यम वर्ग को ₹12.75 लाख तक की आय पर कर राहत और गरीबों को 2 करोड़ नए पीएम आवासों की सौगात मिली है, वहीं 'भारत-विस्तार' AI पोर्टल और उच्च मूल्य वाली बागवानी योजनाओं से किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित होगी। महिलाओं के लिए 'SHE मार्ट' और कामकाजी महिला छात्रावासों का नेटवर्क नारी शक्ति को नई पहचान देगा, तो दूसरी ओर MSME सेक्टर के लिए ₹10,000 करोड़ का विकास कोष और स्टार्टअप्स के लिए उदार कर नीतियां व्यापार को नई ऊंचाई प्रदान करेंगी। बजट में युवाओं के लिए 5 नई 'यूनिवर्सिटी टाउनशिप' और वेतनभोगी वर्ग के लिए सरल कर ढांचे का प्रावधान देश के भविष्य को सुरक्षित करता है। छत्तीसगढ़ के लिए इस बजट का समावेशी दृष्टिकोण अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा, जो राज्य में विकास की नई राहें खोलेगा। श्री अग्रवाल ने इस बजट को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के विजन को धरातल पर उतारने वाला एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया।




