अंबिकापुर।खबरी गुल्लक ।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा आयोजित नीट-पीजी परीक्षा दो परीक्षा केंद्र लाइवलीहुड कॉलेज और शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अंबिकापुर पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा कंप्यूटर-आधारित रूप में आयोजित की गई और इसका तकनीकी संचालन टीसीएस द्वारा किया गया। लाइवलीहुड कॉलेज में कुल 40 नामांकित परीक्षार्थियों में से 38 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में उपस्थिति शत-प्रतिशत रही और सभी 26 परीक्षार्थी समय पर परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा सुबह 9 बजे प्रारम्भ होकर 12:30 बजे संपन्न हुई।
परीक्षा के दौरान अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर लगातार मौके पर उपस्थित रहे और परीक्षा के सुचारु संचालन का स्वयं अवलोकन किया। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की निगरानी में सुनिश्चित की गई थी। दोनों केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे तथा प्रवेश-प्रस्थान मार्गों पर भी सुरक्षा कड़ी रखी गई थी। परीक्षा केंद्रों पर व्यापक निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। महिला और पुरुष परीक्षार्थियों के लिए पृथक - पृथक फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित कड़ाई या असुविधा से बचा जा सके। शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर परीक्षा अधिकारियों और तकनीकी टीम की विशेष मौजूदगी रही। सवेरे 7 बजे से ही परीक्षार्थियों की सुरक्षा जांच प्रारम्भ कर दी गई थी। समयपालन पर विशेष ध्यान रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के नियमों का सख्ती से पालन कराया गया। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे परीक्षा केंद्रों पर शांति और अनुशासन बना रहा। अपर कलेक्टर श्री राम सिंह ठाकुर ने कहा कि परीक्षा का सुचारु और निष्पक्ष संचालन हमारे लिए प्राथमिकता थी। केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं से यह सुनिश्चित हुआ कि परीक्षार्थी बिना किसी व्यवधान के अपने परीक्षा कार्य में संलग्न रह सकें। पुलिस प्रशासन ने भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्थाएँ परीक्षा की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पर्याप्त रही।







