शासकीय पॉलीटेक्निक अंबिकापुर में आपदा प्रबंधन जागरूकता शिविर.. NDRF के कमांडर अरुण कुमार लांबा ने बताया आपात स्थिति में कैसे करें रेस्क्यू,दें राहत

शासकीय पॉलीटेक्निक अंबिकापुर में आपदा प्रबंधन जागरूकता शिविर.. NDRF के कमांडर अरुण कुमार लांबा ने बताया आपात स्थिति में कैसे करें रेस्क्यू,दें राहत

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक 

शासकीय पॉलीटेक्निक अंबिकापुर में राष्ट्रीय सेवा योजना  के तत्वावधान में विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रति जागरूक करने तथा आपदा के समय त्वरित एवं सुरक्षित ढंग से कार्य करने की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल  के कमांडर  अरुण कुमार लांबा के नेतृत्व में टीम द्वारा आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर अत्यंत उपयोगी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। टीम के सदस्यों ने बताया कि किसी भी आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखना, परिस्थितियों का सही आकलन करना तथा उपलब्ध संसाधनों का उचित एवं सुरक्षित उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है।


कार्यक्रम के दौरान भूकंप, बाढ़, आगजनी, सर्पदंश, आकाशीय बिजली तथा जल में डूबने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से बचाव एवं राहत के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। आगजनी से बचाव के संबंध में फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग की जानकारी एवं व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसी प्रकार बाढ़ एवं जल आपदा के समय सुरक्षित स्थान पर जाने, आकाशीय बिजली से बचाव, सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक सहायता तथा बच्चे द्वारा भोजन अथवा किसी वस्तु को निगल लेने या गले में फंसने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक बचाव उपायों का प्रदर्शन किया गया।

एनडीआरएफ की टीम ने विभिन्न प्रकार के बचाव कार्यों में प्रयुक्त उपकरणों के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनके सुरक्षित एवं सही उपयोग से अवगत कराया। प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि आपदा प्रबंधन केवल आपदा के कारण एवं प्रकार की जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि आपदा से पहले की तैयारी, आपदा के दौरान सुरक्षित व्यवहार तथा आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्यों का समुचित ज्ञान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

संस्थान के प्राचार्य  आरजे पांडे ने कहा कि वर्तमान समय में प्राकृतिक एवं आकस्मिक आपदाओं से बचाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक एवं प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों में संकट की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों की सहायता करने का आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने इस प्रकार के उपयोगी एवं व्यावहारिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी  अमित कुमार बघेल ने किया। कार्यक्रम में  संजीव सिंह,  संतोष कुमार एवं  नीरज वर्मा सहित संस्थान के बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एनडीआरएफ टीम द्वारा दिए गए उपयोगी प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक प्रदर्शनों के लिए आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।





एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)