सिक्कों की कमी पर कैट ने उठाया कदम, एसबीआई के सहयोग से कराया सिक्का वितरण , दोबारा सिक्का और 10 के नोट उपलब्ध कराने दिया आश्वासन

सिक्कों की कमी पर कैट ने उठाया कदम, एसबीआई के सहयोग से कराया सिक्का वितरण , दोबारा सिक्का और 10 के नोट उपलब्ध कराने दिया आश्वासन

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर।खबरी गुल्लक ।

अंबिकापुर शहर के बाजार में लंबे समय से सिक्कों की कमी के कारण व्यापारियों को दैनिक कारोबार में नगद लेन-देन के दौरान ग्राहकों को शेष राशि वापस करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार पर्याप्त छुट्टे पैसे उपलब्ध नहीं होने के कारण व्यापार प्रभावित होने के साथ व्यापारियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा था। व्यापारियों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) सरगुजा ने पहल करते हुए भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों से चर्चा की। इसके परिणामस्वरूप कैट सरगुजा एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से बुधवार को होटल अलंकार ग्रीन में सिक्का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्टेट बैंक के कर्मचारियों एवं कैट की टीम ने व्यापारियों को ₹5, ₹10 एवं ₹20 के सिक्कों का वितरण किया। कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी होटल अलंकार ग्रीन पहुंचे। व्यापारियों की भारी भीड़ और सिक्कों की बढ़ी हुई मांग के कारण उपलब्ध सिक्के अपेक्षा से कम समय में समाप्त हो गए। कैट सरगुजा ने व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए।



उन्हें आश्वस्त किया कि शीघ्र ही पुनः सिक्का वितरण कार्यक्रम आयोजित कर पर्याप्त मात्रा में सिक्के तथा ₹10 के नोट उपलब्ध कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक से समन्वय किया जाएगा। कैट पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान करना संगठन की प्राथमिकता है। बाजार में छोटे मूल्य के नोट एवं सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को नगद लेन-देन में सुविधा मिलेगी तथा अनावश्यक आर्थिक नुकसान से भी बचा जा सकेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया और सिक्का उपलब्ध कराने की पहल के लिए कैट सरगुजा की सराहना की। कई व्यापारियों ने कैट द्वारा व्यापारिक हितों के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कैट की सदस्यता लेने की इच्छा भी व्यक्त की। कैट पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन लगातार व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित विभागों एवं बैंकों के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयासरत है। व्यापारियों की एकजुटता और सहयोग से ही बाजार से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।

कार्यक्रम में कैट छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी, उपेंद्र गुप्ता, कैट सरगुजा अध्यक्ष रंजय स्वर्णकार, अभिषेक सिंह, अमित अग्रवाल, अजीत अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, महेंद्र सिंह टुटेजा, मुकेश शर्मा, मुकेश मनोकामना सहित कैट परिवार के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)