अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के एकलव्य आवासीय विद्यालय शिवपुर बतौली में बिजली,पानी,पढ़ाई की गुणवत्ता सहित अन्य समस्या कलेक्टर के समक्ष रखने की जिद पर अड़ी छात्राओं के आगे नतमस्तक हुए अधिकारियों की अदूरदर्शिता के चलते छात्राओं को 20 किमी पैदल चलना पड़ा। यदि आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सहित अन्य अधिकारी इस पर पर्दा डालने के बजाए कलेक्टर को सूचित करते और कलेक्टर छात्राओं के कलेक्ट्रेट आने का इंतजार करने के बजाए स्वंय उन तक पहुंच समस्या सुनते तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। गैर जिम्मेदार अधिकारियों के चलते भूखे प्यासे छात्राएं पैदल चलती रही, छात्राएं रास्ते में कलेक्टर के अलावा किसी और से बात करने के लिए तैयार नहीं हो रही थी। सहायक आयुक्त सहित अन्य अधिकारी भी छात्राओं को मनाने पैदल हांफते चलते रहे मगर छात्राएं नहीं मानीं। बीस किमी पैदल चलने के बाद छात्राएं जब रघुनाथपुर पहुंची तब कहीं जाकर बस से अंबिकार आने राजी हुई।सहायक आयुक्त की पहल पर 2 स्कूल बस पहुंची और छात्राओं को बस से अंबिकापुर लाया गया। उन्हें कलेक्ट्रेट ले जाने के बजाए पोलिटेक्निक कॉलेज ले जाकर पुनः समझाने का प्रयास किया,जब छात्राएं नहीं मानीं तब रैली की शक्ल में अधिकारी उन्हें लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। अधिकारियों की अदूरदर्शिता अनदेखी और मनमानी के कारण एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राएं बार बार पैदल चल कलेक्टर को गुहार लगाने मजबूर हो रही हैं।
छात्राओं ने कलेक्टर अजीत वसंत को अन्य अधिकारियों के बंद हाल में समस्या बताई,कलेक्टर ने हर समस्या दूर करने आश्वासन देते हुए शिकायतों की जांच के लिए टीम गठित किया है, टीम को 2 दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने निर्देश दिया है। छात्राओं के इस कदम ने आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक महीने से बिजली गुल
छात्राओं की ओर से यह भी बताया गया कि विद्यालय में करीब एक महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। बिजली जैसी मूलभूत सुविधा लंबे समय से प्रभावित होने की बात सामने आने के बाद मामले को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा विधायक रील बनाने में व्यस्त
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि यदि एकलव्य विद्यालय की बच्चियों को अपनी समस्याएं बताने के लिए पैदल मार्च करना पड़ रहा है तो यह चिंता का विषय है। भगत ने क्षेत्रीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बच्चे पैदल मार्च कर रहे हैं और क्षेत्र के विधायक रील बनाने में व्यस्त हैं। उन्होंने सरकारी हॉस्टलों में मीडिया कवरेज पर रोक लगाए जाने के फैसले को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अमरजीत भगत के अनुसार सरकारी हॉस्टलों की कमियों को छुपाने के लिए सरकार ने मीडिया कवरेज पर रोक लगाने का फरमान जारी किया है। उन्होंने कहा कि यदि हॉस्टलों में व्यवस्थाएं बेहतर हैं तो फिर मीडिया कवरेज से रोकने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।पूर्व मंत्री ने विद्यालय में लंबे समय से बिजली की समस्या होने की बात का उल्लेख करते हुए सरकार और प्रशासन से छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा मूलभूत सुविधाएं तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।
कांग्रेस भी जांच समिति करेगा गठित
कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि शिवपुर, बतौली एकलव्य विद्यालय की आदिवासी छात्राओं का स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर पैदल यात्रा करना गम्भीर मामला है। 1 महीने से विद्यालय में बिजली नहीं है यह गंभीर प्रशासनिक चूक है। छात्राओं की मौजूदगी में में मैंने कलेक्टर सरगुजा से चर्चा की है। कलेक्टर के द्वारा जांच की बात की है लेकिन हम प्रशासनिक जांच के भरोसे नहीं रहेंगे। पार्टी की ओर से भी जांच कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जांच कमेटी की अनुशंसा प्रेषित कर दी है।




