महासमुंद।खबरी गुल्लक
पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने ओडिशा से शहडोल जा रही साढ़े 28 किलो गांजे की खेप पकड़ी। जब्त गांजा की कीमत 28 लाख बताई जा रही है। पुलिस ने जब पीछा किया तो तस्करों ने कार में आग लगा दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। पुलिस ने बताया कि तस्कर वेगनआर कार से तस्करी कर रहे थे। सूचना पर बसना पुलिस द्वारा थाने के ठीक सामने मार्ग पर नाकाबंदी कर जांच शुरू की गई थी। जब तस्करों वहां पहुंचे तो पुलिस बल को सामने देख गाड़ी को वापस मोड़ तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा वाहन का पीछा शुरू किया गया। पुलिस को पीछा करते देख तस्करों ने कार को ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर मार्ग के बीच खड़ा किया और कार में रखे गांजा में आग लगाते हुए भागने की
कोशिश करने लगे, पुलिस ने कार के सामने का शीशा तोड़कर किसी प्रकार आग पर काबू पाया। डिक्की और अंदरूनी हिस्से की तलाशी ली, तीन अधजली प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ 28.465 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से खरीदकर शहडोल ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी सुलभ सिंह परिहार और सागर कुशवाहा दोनों निवासी नागौद सतना मध्य प्रदेश को मौके गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीसरा आरोपी शिवा सिंह निवासी शहडोल फरार हो गया है,जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।




