खबरी गुल्लक की खबर पर प्रशासन ने लिया एक्शन: उदयपुर का सूरज भारत गैस एजेंसी का गोदाम सील, जांच में 42 भरे सिलेंडर के सील मिले टूटे, 11 में 5 से 10 किलो तक गैस कम

खबरी गुल्लक की खबर पर प्रशासन ने लिया एक्शन: उदयपुर का सूरज भारत गैस एजेंसी का गोदाम सील, जांच में 42 भरे सिलेंडर के सील मिले टूटे, 11 में 5 से 10 किलो तक गैस कम

khabrigullak.com
By -
0

 

अंबिकापुर।खबरी गुल्लक 

सरगुजा के उदयपुर स्थित सूरज भारत गैस एजेंसी को अनियमितता उजागर होने पर खाद्य विभाग के द्वारा सील कर दिया गया है। उपभोक्ताओं के साथ पंचायत प्रतिनिधियों के द्वारा इस संबंध में कलेक्टर से शिकायत की गई थी। खबरी गुल्लक डिजिटल मीडिया के द्वारा उपभोक्ताओं के आरोप और परेशानियों को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर और ग्रामीणों की शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए कलेक्टर अजीत वसंत के द्वारा खाद्य विभाग को जांच के निर्देश दिए गए थे। बुधवार को गठित जांच टीम ने उदयपुर स्थित सूरज भारत गैस एजेंसी के गोदाम में जांच की। जांच के दौरान बड़ी संख्या में अनियमितताएं सामने आने के बाद टीम ने गैस गोदाम को सील कर दिया। जांच के दौरान एजेंसी संचालक द्वारा टीम को गुमराह करने के उद्देश्य से 214 खाली सिलेंडरों के बीच 42 भरे हुए सिलेंडर पाए गए। इन भरे सिलेंडरों  के सील टूटे हुए थे। जांच में वजन कराने पर इनमें से करीब 11 सिलेंडरों में 5 से 10 किलोग्राम तक गैस कम पाई गई।

  स्टॉक में मिला अंतर 

इसके अलावा भारत गैस के गोदाम में इंडेन कंपनी के 32 खाली सिलेंडर  भी पाए गए। दूसरी कंपनी का सिलेंडर क्यों रखा गया है यह भी जांच का विषय है। जांच के दौरान सिलेंडरों के ढक्कन और रेपर सहित अन्य सामग्री को साक्ष्य के तौर पर जब्त किया गया है।

उपभोक्ताओं ने दर्ज कराई शिकायत

जांच के दौरान उपभोक्ताओं ने एजेंसी के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार ग्राहकों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, दुर्व्यवहार, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के कई मामले सामने आए हैं। इनमें से कुछ मामलों में संबंधित लोगों द्वारा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस टंकी के नंबर का मिलान नहीं होने पर दूसरी बार रिफलिंग के लिए गैस देने से इनकार किया जाता था और गैस उपलब्ध कराने के नाम पर अवैध राशि की मांग की जाती थी। एजेंसी पर गैस सिलेंडरों को कथित तौर पर ब्लैक में 2,000 से 3,000 रुपये तक में बेचने के आरोप भी लगाए गए हैं। इसके अलावा KYC के नाम पर उपभोक्ताओं से गैस डिलीवरी OTP लेने के बाद गैस नहीं देने, कागजी खाना पूर्ति का हवाला देने, घर पहुंच सेवा उपलब्ध नहीं कराने तथा गैस रिफिल के समय अतिरिक्त राशि वसूलने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

फरियादियो की उपस्थिति में बना पंचनामा

मौके पर झिरमिटी ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच, गैस उपभोक्ताओं और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद सूरज भारत गैस एजेंसी के गैस गोदाम को सील कर दिया गया। इसके पश्चात ग्राम पंचायत भवन उदयपुर में उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके बयान दर्ज किए गए हैं। एजेंसी संचालक द्वारा अन्य स्थानों पर भी गैस सिलेंडर रखे जाने की सूचना मिलने पर उन स्थानों की जांच के लिए टीम को रवाना किया गया है।जांच के दौरान गौतम सोनी, पंकज अग्रहरि, योगेश साहू, राहुल अग्रहरि, विशाल अग्रहरि, चंदन एक्का (झिरमिटी सरपंच), ऋषिकेश सोनी, गोविंदा साहू, सतीश सोनी, भागवत सिंह, प्रदीप मरकाम (सरपंच रामनगर), मानसाय राजवाड़े, सूरज यादव, अभिषेक सिंह, रानी यादव, बंटी सोनी और बिन्नी सोनी सहित अन्य शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

जांच टीम में यह अधिकारी शामिल

जांच टीम में चित्रकांत ध्रुव, सहायक खाद्य अधिकारी अंबिकापुर, खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह, राजन कश्यप, नवीन सिंह, अनिमा भगत सहित अन्य दो अधिकारी/कर्मचारी शामिल रहे। फिलहाल जांच जारी है। जब्त सामग्री, स्टॉक के मिलान, सिलेंडरों के वजन तथा उपभोक्ताओं के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)