अंबिकापुर। खबरी गुल्लक
सरगुजा के दरिमा थाना क्षेत्र में जमीन बिक्री के पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार सिंह 38 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है और घटनास्थल से खून लगी टांगी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार इमलीपारा निवासी मधुवन शंकर सिंह ने 3 अक्टूबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी पुत्र ने अपने पिता रामाशंकर सिंह को टांगी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने थाना दरिमा पुलिस टीम को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में दरिमा पुलिस एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के बेटे मुकेश कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुकेश कुमार सिंह पिता रामाशंकर सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम भालूकछार, थाना दरिमा, जिला सरगुजा बताया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि जमीन बिक्री के पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के दौरान वह नाराज होकर टांगी से अपने पिता के सिर पर गंभीर चोट कारित कर उनकी हत्या कर दिया। मृतक रामाशंकर सिंह ने जमीन बेची थी, जिससे बेटा मुकेश नाराज था। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे, उप निरीक्षक राजेश तिवारी, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज मालवीय, आरक्षक अशोक कुजूर, अकलेश यादव, शरद राजवाड़े, सुरेश यादव, निमल, शेरशाह मिंज, अलोक, भूपेंद्र सिंह सक्रिय रहे।




