अंबिकापुर।खबरी गुल्लक।
साइबर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने साइबर सेल अंबिकापुर का दौरा कर प्रायोगिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का विषय Cyber Security Awareness: On-Field Experience of Digital Security and Law at Cyber Cell Ambikapur रखा गया।
आईजी सरगुजा दीपक कुमार झा की अनुमति एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल सिन्हा तथा कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष मोनिका खेस के मार्गदर्शन में यह फील्ड विजिट आयोजित की गई। कार्यक्रम समन्वयक सहायक प्राध्यापक उमेश पांडेय, विनोद कुमार गुप्ता एवं अनुभव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में एम.एससी. एवं बी.एससी. के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रेंज साइबर थाना प्रभारी अश्वनी सिंह ने आईजी सरगुजा के निर्देशन में विशेषज्ञ टीम गठित कर छात्रों को साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। साइबर विशेषज्ञ अधिकारी श्री गणेश कदम ने शहर की मॉनिटरिंग व्यवस्था, सर्विलेंस कैमरा प्रणाली, फेस डिटेक्शन, व्हीकल डिटेक्शन तथा आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के लिए प्रयोग हो रहे एआई आधारित सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर का प्रदर्शन किया।कंट्रोल रूम में डायल 112 के अधिकारियों ने आपातकालीन सहायता प्रणाली, यातायात नियंत्रण, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कार्यप्रणाली के साथ ही महिला सुरक्षा हेतु 112 इंडिया ऐप की उपयोगिता से छात्रों को अवगत कराया। उपनिरीक्षक श्री अभय तिवारी ने वास्तविक केस स्टडी के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फ्रॉड, ब्लैकमेल, ऑनलाइन अरेस्ट जैसी बढ़ती साइबर घटनाओं से बचाव एवं शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया बताई। थाना प्रभारी एवं टीम ने टोल-फ्री नंबर 112, 1930, 1090 तथा एमआरएम, जीआरएम एवं सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की संपूर्ण प्रक्रिया भी समझाई। इससे पूर्व भी विभाग के छात्रों ने अंबिकापुर पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रम में स्टेट फोरेंसिक टीम, इसरो वैज्ञानिकों एवं राज्य के साइबर विशेषज्ञों से प्रशिक्षण लिया था।










