अम्बिकापुर। खबरी गुल्लक।
शारदीय नवरात्रि के पावन एवं भक्तिमय अवसर पर कोणार्क वासुदेव बिहार कॉलोनी में ‘एक शाम माता के नाम’ भव्य जागरण एवं डांडिया-गरबा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। टीम केवीवी के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक संध्या में कॉलोनीवासियों ने बड़े ही उत्साह और श्रद्धा भाव के साथ भाग लिया और माता रानी की विशेष आराधना की।
भजनों की स्वर लहरियों से गुंजायमान हुआ परिसर
कार्यक्रम में शहडोल के सुप्रसिद्ध भजन गायक गौरव तिवारी एवं उनकी संगीत मंडली ने माता रानी के एक से बढ़कर एक मनमोहक और भक्तिपूर्ण भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर नृत्य किया और पूरा परिसर "जय माता दी" के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।
शिव-पार्वती और मां काली की जीवंत झांकियों ने मोहा मन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान शिव-पार्वती और मां काली की आकर्षक झांकियां एवं नृत्य प्रस्तुतियां रहीं। जहां एक ओर भगवान शिव-पार्वती की सौम्य व मनमोहक छवि ने सभी को आकर्षित किया, वहीं दूसरी ओर मां काली के रौद्र रूप की जीवंत प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भक्ति और असीम ऊर्जा से भर दिया।
डांडिया-गरबा की रही धूम और सात्विक भंडारा
भक्ति संगीत एवं धार्मिक झांकियों के उपरांत भव्य डांडिया एवं गरबा का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर जमकर नृत्य किया और खुशियां मनाईं। इस अवसर पर सात्विक प्रसादी भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी कॉलोनीवासियों ने सपरिवार महाप्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों ने जताया आभार
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर दीपक सोनी एवं टीम केवीवी ने कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने में सहयोग देने वाले सभी कॉलोनीवासियों, कलाकारों और श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने माता रानी से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।





