अंबिकापुर। कोयला कारोबार के नाम पर सिंगरौली के एक कंपनी में 42 करोड़ रुपए निवेश करा ठगी किए जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल अग्रवाल निवासी अंबिकापुर के साले जिसका नाम भी राहुल अग्रवाल है, उसे निवास उत्तर प्रदेश के ओबरा से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। प्रशिक्षु डीएसपी सुभम तिवारी ने बताया कि पीड़ित व्यवसाई पंकज अग्रवाल के द्वारा उड़ीसा में छड़ निर्माता कंपनी का संचालन किया जाता है। उनके द्वारा मई 2023 में शिकायत दर्ज कराया गया था कि मुख्य आरोपी राहुल अग्रवाल , केके अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, अमन अग्रवाल, सुजीत जायसवाल, पप्पू जायसवाल के द्वारा उन्हें उक्त झांसा देकर ठगी की गई थी, मामले में पुलिस के द्वारा आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 409, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी राहुल अग्रवाल को यूपी से गिरफ्तार किया गया।
प्रशिक्षु डीएसपी सुभम तिवारी ने बताया कि प्रार्थी पंकज अग्रवाल पिता स्व. लक्ष्मीचन्द्र अग्रवाल उम्र 42 वर्ष निवासी मेरिडियन टावर, नारायणी काम्पलेक्स उदित नगर राउरकेला उड़ीसा, गणेश रोलिंग मिल्स प्रालि का डायरेक्टर हैं जो छड़ निर्माण कर ब्रोकर के माध्यम से विक्रय करने का कार्य करता हैं कि प्रार्थी द्वारा दिनांक 16 मई 23 को थाना कोतवाली आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि घटना दिनांक 15 अक्टूबर 20 से लेकर 8 अप्रैल 22 के बीच मे राहुल अग्रवाल एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा पूर्व मे फैक्ट्री मे कोयला सप्लाई करने से जान पहचान होने पर 2 वर्ष पूर्व सिंगरौली मध्यप्रदेश से ओक्शन मे कोयला खरीद कर पार्टनरशिप मे अच्छा मुनाफा देने का झांसा देकर एवं छड़ व्यवसाय में ब्रोकर बनकर ठगी कर अलग अलग किस्तों मे कुल 46 करोड़ रूपये का धोखाधड़ी कारित किये हैं, प्रार्थी कि रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 420, 409, 34 भा.द.वि.का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। विवेचना में पुलिस टीम द्वारा आरोपी के सम्बन्ध मे तकनीकी जानकारी प्राप्त कर आरोपी के गिरफ़्तारी हेतु पुलिस टीम को सोनभद्र उत्तरप्रदेश रवाना किया गया था जो पुलिस टीम द्वारा आरोपी की घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ किया गया जो आरोपी द्वारा अपना नाम राहुल अग्रवाल आत्मज सुरेंद्र कुमार गर्ग 32 वर्ष साकिन राममंदिर कॉलोनी ओबरा थाना ओबरा जिला सोनभद्र उत्तरप्रदेश का होना बताया, आरोपी से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ करने पर घटना कारित किया जाना स्वीकार किया गया जो आरोपी के कब्जे से गणेश रोलिंग मिल्स से सम्बंधित लेन देन के दस्तावेज जप्त किये गए हैं, प्रकरण मे शामिल अन्य आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा है। सम्पूर्ण कार्यवाही में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश सिंह, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह,सियाराम मरावी, आरक्षक रुपेश महंत, जयदीप सिंह, शिव राजवाड़े, कपिल देव, चित्रसेन प्रधान शामिल रहे। ईधर पीड़ित व्यवसाई का आरोप है कि मुख्य आरोपी राहुल अग्रवाल निवासी अंबिकापुर एक प्रभावशाली नेता के साथ घूमते बार बार देखा जा रहा है इसके बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार करने से बच रही है। उन्होंने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।




