अंबिकापुर /रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान और भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी होने के बाद भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चुनाव आयोग ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। छत्तीसगढ़ की जनता चुनाव की तारीखों की प्रतीक्षा कर रही थी। छत्तीसगढ़ की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहली सूची में 21 प्रत्याशियों का ऐलान किया था। आज 64 प्रत्याशियों का ऐलान भाजपा ने किया है। कुल मिलाकर 90 में से 85 विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। और कांग्रेस से बड़ी बढ़त बना ली है।85 प्रत्याशियों में कुल मिलाकर आदिवासी समाज से 30 प्रत्याशी मैदान में होंगे, 10 प्रत्याशी अनुसूचित जाति से है ,31 प्रत्याशी पिछड़ा वर्ग से हैं और सूची में अब तक 14 महिलाओं को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया गया है। 43 ऐसे प्रत्याशियों को मैदान में उतारा गया है जो पहली बार भाजपा के चुनाव चिन्ह पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। 50 वर्ष से कम आयु के 34 युवा प्रत्याशी हैं। भाजपा की सूची में एक तरफ जहां बड़े पैमाने पर युवा और नए प्रत्याशी हैं, वहीं अनुभवी और दिग्गज नेताओं को भी पार्टी ने मैदान में उतारा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा की परिवर्तन यात्रा से प्रदेश में सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। परिवर्तन की हवा चल रही है। जिस प्रकार से प्रधानमंत्री की सभा में भीड़ उमड़ी है, अपार जन समूह एकत्र हुआ है , यह बताता है कि छत्तीसगढ़ की जनता बदलाव के लिए तैयार है। जनता मतदान की तिथि का इंतजार कर रही थी। आज मतदान की तिथि का ऐलान हो गया है तो निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ की खुशहाली, छत्तीसगढ़ की तरक्की, छत्तीसगढ़ की बेहतरी के लिए, माता बहनों की सुरक्षा के लिए, किसानों की तरक्की के लिए, अनुसूचित जाति- जनजाति समाज, पिछड़ा वर्ग समाज, युवाओं की तरक्की और बेहतरी के लिए सरकार काम करेगी।




