अंबिकापुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुंदन कुमार द्वारा मंगलवार को विधानसभा अम्बिकापुर के विभिन्न मतदान केन्द्रों में एएमएफ सुविधा के संबंध में निरीक्षण करते समय लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यवाई की गई। नगर पालिक निगम उमावि के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्राचार्य विनोद कुमार सिंह से विद्यालय में स्थापित मतदान केन्द्रों में एएमएफ सुविधा के संबंध में पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सरगुजा के कार्यालय में नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
चार अधिकारियों को नोटिस
मतदान केंद्रों में एएमएफ सुविधा में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे, सर्व शिक्षा अभियान के जिला मिशन समन्वयक रवि तिवारी, अम्बिकापुर के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्ण दुबे और बीआरसी संजीव कुमार भारती को नोटिस जारी किया गया है तथा 24 घण्टे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। जवाब अप्राप्त होने की स्थिति में इनके विरूद्ध एक पक्षीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।




