(विशेष संवाददाता)
अंबिकापुर। ( आनंद शर्मा "अन्नू" ) विधानसभा चुनाव के मतगणना की अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जैसे जैसे वक्त गुजर रहा है, दावेदारों की धड़कने भी बढ़ रही हैं। मतदान के बाद भी मतदाताओं की चुप्पी नही टूटी है । परिणाम को लेकर न्यूज चैनलों के द्वारा सर्वे के आधार पर हार जीत के पूर्वानुमान में रोमांचक फैसले के अनुमान ने प्रत्याशियों की चिंता और बढ़ा दी है। न सिर्फ सरगुजा संभाग बल्कि प्रदेश के सभी 90 विधान सभा में स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा भाजपा और कांग्रेस कर रही है, मगर मतदाताओं की रहस्यमई चुप्पी से कोई स्पष्ट अनुमान नहीं लगा पा रहा है। शनिवार की रात करवटें बदलते हुए गुजरेंगी। चुनावी नतीजे के पूर्व प्रत्याशियों की यह दशा, रामानंद सागर के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक सीरियल रामायण के प्रसंग जिसमें अंतिम युद्ध के पूर्व की रात श्रीराम और रावण की दशा पर फिल्माए गए गाना यही रात अंतिम .. यही रात भारी... गीत बिलकुल सटीक लग रही है।




