अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित अमेरा खदान में कुछ दिनों पूर्व गार्ड को जान से मारने की धमकी दे कोयला और तांबा तार की डकैती होने के मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा थाना का घेराव कर जमकर हंगामा मचाए जाने से मंगलवार को बवाल मचा रहा। भाजपाइयों द्वारा आरोप लगाया जा रहा था कि पुलिस ने गलत कार्यवाई की है, आरोपियों में भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल है, उसे छोड़ दिया जाए, वहीं एसडीओपी अखिलेश कौशिक व थाना प्रभारी डीएसपी शुभम तिवारी ने कहा है कि अमेरा कोयला खदान में डकैती के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस के द्वारा आरोपियों की पड़ताल की जा रही थी, मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को पहले संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया था, पुछताछ में संदेहियों के द्वारा कोयला खदान में डकैती करना स्वीकार किए जाने के बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने डकैती का कोयला और तांबा तार बरामद करने में सफलता पाई थी। पुलिस द्वारा इस मामले में विवेचना में साक्ष्य मिलने पर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। विदित हो कि कुछ दिनों पूर्व अमेरा खुली खदान में हथियारबंद बदमाशों के द्वारा धावा बोलकर गार्ड को धमकी दे कोयला और तांबा तार की डकैती की गई थी। इस मामले में पुलिस ने हाल ही में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को जेल भेजा था। इस घटना के कुछ दिनों पूर्व भी हथियारबंद बदमाशों ने इस खदान में धावा बोल एक एसईसीएल कर्मी के ऊपर हमला कर कांटा में तौल के लिए खड़ी कोयला लोड हाइवा से कोयला की लूटपाट की गई थी। लगातार वारदात होने पर आईजी अंकित गर्ग के द्वारा पुलिस को कोयला चोरों पर अंकुश लगाने और कड़ी कार्यवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं इस मामले में जनप्रतिधियो का यह रूप देख नागरिकों के द्वारा चिंता जताई गई है। नागरिकों का कहना है कि अनुशासित पार्टी के नेताओं द्वारा डकैती के आरोपियों के समर्थन में थाना में इस तरह का प्रदर्शन करना सभ्य समाज के लिए सही नही है। पुलिस ने जिन्हे आरोपी बनाया है यदि वे निर्दोष होंगे तो न्यायालय उन्हे बरी कर देगी, मगर पुलिस पुलिस पर इस तरह दबाव बनाया जाना उचित नहीं है। वहीं प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने जिस भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है उसके पास से कोई सामान बरामद नही हुआ है, पुलिस गलत तरीके से कार्यवाही कर रही है। वहीं पुलिस ने इन आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि विवेचना में नाम आने पर पुलिस ने साक्ष्य के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की है।
एक टिप्पणी भेजें
0टिप्पणियाँ
3/related/default




