जयपुर। खबरी गुल्लक ।। 22 मई 2025।।
महज 23 साल की उम्र में ही शातिराना अंदाज में 26 से अधिक शादियां कर ससुराल का खजाना खाली करने वाली एक लुटेरी दुल्हन को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। लुटेरी दुल्हन की करतूत ने कई दूल्हों को बर्बाद कर दिया है। पुलिस ने मीडिया को बताया कि आरोपी महिला अनुराधा भोपाल में रह रही थी। उसने युवकों से फर्जी शादियां की और ससुराल से लाखों की नकदी , कीमती सामान लेकर फरार हो गई। आरोपी महिला को सवाई माधोपुर पुलिस ने 18 मई को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
पुलिस ने बताया कि विष्णु गुप्ता नामक एक युवक ने 3 मई 2025 को थाने में fir दर्ज कराया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सुनीता और पप्पू मीणा नामक दो लोगों ने उसकी शादी करवाने का झांसा दिया और अनुराधा की तस्वीर दिखाकर कागज पर हस्ताक्षर करवा लिए। शादी के लिए उन्होंने दो लाख रुपये ले लिए। शादी के एक हफ्ते बाद अनुराधा नकदी, गहने और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। पुलिस ने जब इस मामले की पड़ताल शुरू की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि आरोपी महिला अनुराधा ने 26 से अधिक दूल्हों और उसके परिवार को इस तरह शिकार बनाई।



