अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 2 जून 2025।।
प्लास्टिक प्रदूषण रोकने , लोगों की आदत में सुधार और जनजागरुकता के लिए ग्रीन क्लब अंबिकापुर और साथी संगठनों के द्वारा 4 जून 2025 को शाम बजे से अंबिकापुर में थाली थैला संकल्प पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के संयोजक और लेज़र हॉस्पिटल के संचालक डॉ योगेन्द्र सिंह गहरवार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दशकों से, प्लास्टिक प्रदूषण ने दुनिया के हर कोने को अपनी चपेट में ले लिया है। यह हमारे पीने के पानी में घुल गया है, हमारे भोजन में शामिल हो गया है और हमारे शरीर तक में पहुंच गया है। यद्यपि प्लास्टिक प्रदूषण एक गंभीर समस्या है, यह आज की पर्यावरणीय चुनौतियों में से सबसे अधिक हल की जा सकने वाली समस्या भी है। इसके समाधान हमारे हाथ में हैं और हम सब मिलकर इसे रोक सकते हैं। यह पद यात्रा जयस्तंभ चौक से प्रारंभ होकर घड़ी चौक होगी। उन्होंने आमजन से इस जागरूकता पदयात्रा में शामिल होने अपील करते हुए कहा है कि संभव हो तो अपने आसपास के लोगों को भी साथ में लेकर आए ताकि जागरूकता का विस्तार, प्रसार तेजी से हो सके।
जब भी बाजार जाएं थैला, बाहर जाएं तो थाली गिलास लेकर जाएं
व्यक्तिगत स्तर पर, हम में से हर कोई दो छोटे लेकिन महत्वपूर्ण कदम उठा सकता है। जब भी बाजार जाएं, हमेशा अपना थैला साथ ले जाएं। जब भी यात्रा पर निकलें, अपनी थाली और गिलास पैक करना न भूलें। इन छोटे-छोटे कदमों से हम व्यक्तिगत रूप से अनावश्यक प्लास्टिक उपयोग को काफी हद तक रोक सकते हैं और हमारे पर्यावरण को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने में योगदान दे सकते हैं।








