खबरी गुल्लक न्यूज़।सूरजपुर।
25 जुलाई 2025। (भूपेन्द्र राजवाड़े)
जिले के जयनगर थाना अंतर्गत केनापारा मंदिर के पास नेशनल हाईवे-43 पर एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार को शाम के समय एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इसी दौरान मौके से गुजर रहे पेट्रोलिंग ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल पंकज ठाकुर व उनकी टीम ने पेट्रोलिंग वाहन से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान ग्राम जयनगर बरपारा निवासी भूपेंद्र कुमार राजवाड़े, पिता श्रवण कुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष) और रामकुमार साय पिता भादर राम (उम्र लगभग 31 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक जयनगर की ओर से अपने गांव लौट रहे थे, तभी सूरजपुर- अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग केनापारा मंदिर के पास यह हादसा हो गया।
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक हवा में उछलते हुए सड़क किनारे जा गिरे। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। जब तक एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तब तक युवकों की स्थिति और भी गंभीर हो चुकी थी।पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इलाके में आक्रोश, पुलिस की सतर्कता बढ़ी
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर रफ्तार का कहर दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद से ही कार चालक फरार है। पुलिस मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी कार और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह हादसा न केवल लापरवाह ड्राइविंग का परिणाम है, बल्कि सिस्टम की सतर्कता में कमी को भी उजागर करता है। यदि समय रहते सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो ऐसे हादसे दोहराए जाते रहेंगे।




