सुरक्षा के पाठ पढ़ाने स्कूल पहुंची पुलिस : नवोदय के छात्रों को दी साइबर क्राइम.. नशे से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी

सुरक्षा के पाठ पढ़ाने स्कूल पहुंची पुलिस : नवोदय के छात्रों को दी साइबर क्राइम.. नशे से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी

khabrigullak.com
By -
0
खबरी गुल्लक।सूरजपुर, 26 जुलाई।
भूपेन्द्र राजवाड़े।
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत शनिवार को बसदेई चौकी पुलिस द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, यातायात नियम और नशे से दूर रहने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि "साइबर अपराध आज देश की गंभीर चुनौती बन चुका है।" उन्होंने बच्चों को बताया कि अज्ञात लिंक, कॉल या ओटीपी किसी के साथ शेयर न करें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने से बचें और अपने मोबाइल फोन व मेल आईडी का पासवर्ड मजबूत और गोपनीय रखें।

यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बच्चों को बताया गया कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य है। बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ती है।

पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया। कहा गया कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह व्यक्ति को अपराध की ओर भी ले जा सकता है। इससे शारीरिक, मानसिक और सामाजिक हानि होती है।

साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए कहा गया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और प्रभावशाली ढंग से उत्तर दिया। इस आयोजन ने छात्रों में आत्मविश्वास और सतर्कता की भावना को सशक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)