सूरजपुर में बारिश का कहर : एलर्ट मोड पर प्रशासन, लोगों से सतर्कता बरतने की अपील...कलेक्टर ने अधिकारियों को फील्ड पर तैनात रहने दिए निर्देश

सूरजपुर में बारिश का कहर : एलर्ट मोड पर प्रशासन, लोगों से सतर्कता बरतने की अपील...कलेक्टर ने अधिकारियों को फील्ड पर तैनात रहने दिए निर्देश

khabrigullak.com
By -
0

खबरी गुल्लक। सूरजपुर। 26 जुलाई 2025। भूपेन्द्र राजवाड़े।  

सूरजपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। नदी-नालों और जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे संभावित बाढ़ और अन्य आपदाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने जिले के समस्त प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत, सभी एसडीएम, नगर पंचायतों के सीएमओ, पीडब्ल्यूडी और डब्ल्यूआरडी के ईई, तथा ब्रिज सेक्शन के एसडीओ को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड स्टाफ के साथ सतत निगरानी रखें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।  सूरजपुर जिले में प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और हर संभावित खतरे से निपटने की तैयारी की जा रही है। आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है ताकि किसी भी आपदा से मिलकर निपटा जा सके।


नागरिकों से की गई सावधानी की अपील

कलेक्टर ने आमजनों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतें। खासतौर पर नदी, नालों और बांधों के आसपास जाने से बचें, क्योंकि इन स्थानों पर जल स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच सकता है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि किसी भी स्थिति में अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत सूचनाओं पर ही विश्वास करें।


भैयाथान के सिवारीपारा में खतरे की स्थिति टली

भैयाथान विकासखंड के अंतर्गत सिवारीपारा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते एक मिट्टी का बना पुराना बांध टूटने की स्थिति में पहुंच गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंचायत एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई की। बस्ती को संभावित जलभराव से बचाने के लिए बांध क्षेत्र में बायपास बनाकर पानी की सुरक्षित निकासी की व्यवस्था की गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


पासल डैम के सभी 13 गेट खुले

पासल स्थित हाइड्रो पावर प्लांट डैम में जलस्तर के तेजी से बढ़ने के चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर डैम के सभी 13 गेट खोल दिए हैं ताकि अतिरिक्त पानी का दबाव कम किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन लगातार मॉनिटरिंग जारी है।


लोलकी मार्ग पर घरहरी नाला उफान पर

इसी प्रकार लोलकी मार्ग पर स्थित घरहरी नाला अत्यधिक वर्षा के कारण उफान पर आ गया है। नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर यातायात को फिलहाल बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और अनावश्यक यात्रा से परहेज करें।


आपात सेवा दल सक्रिय

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है। स्वास्थ्य, आपूर्ति, जल संसाधन, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है। कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय है और किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।




एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)