ADD

एडीजीपी वाई पूरन कुमार ने खुद को मारी गोली, नौ पन्नों का मिला सुसाइड नोट

0


 

चंडीगढ़ हरियाणा पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) वाई पूरन कुमार 52 वर्ष ने मंगलवार दोपहर अपने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सेक्टर-11, चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास की है। पुलिस को मौके से अंग्रेजी में लिखा नौ पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के नामों का उल्लेख करते हुए तंग करने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घर के बेसमेंट में गोली मारी

सूत्रों के अनुसार, एडीजीपी पूरन कुमार ने अपने घर के बेसमेंट में बने साउंडप्रूफ मूवी थिएटरनुमा कमरे में सोफे पर बैठकर अपनी पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) की रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी।
गोली चलने की आवाज सुनकर जब घर में मौजूद उनकी बेटी नीचे पहुंची, तो उन्होंने अपने पिता को खून से लथपथ हालत में पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस व फोरेंसिक टीम ने की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आईजी पुष्पिंदर कुमार और एसएसपी कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पूरन कुमार पहले भी कई बार अपने पीएसओ की रिवॉल्वर अपने पास रख चुके थे।

पत्नी आईएएस अधिकारी, इस समय जापान दौरे पर

पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार, हरियाणा कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। वह राज्य के विदेश सहयोग विभाग में आयुक्त एवं सचिव पद पर तैनात हैं। फिलहाल वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ जापान दौरे पर हैं और उनके बुधवार सुबह तक चंडीगढ़ लौटने की संभावना है।

अधिकारियों में शोक की लहर

घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस ने कहा है कि सुसाइड नोट की सामग्री और आत्महत्या के कारणों की पुष्टि फोरेंसिक जांच और विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद में की जाएगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)