सरगुजा के महारानीपुर के जन समस्या निवारण शिविर में 16 पंचायत के ग्रामीणों ने दिया आवेदन, मिली योजनाओं की जानकारी.. हुआ सामग्री वितरण .

सरगुजा के महारानीपुर के जन समस्या निवारण शिविर में 16 पंचायत के ग्रामीणों ने दिया आवेदन, मिली योजनाओं की जानकारी.. हुआ सामग्री वितरण .

khabrigullak.com
By -
0


अम्बिकापुर।।खबरी गुल्लक ।। राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत आज मैनपाट विकासखण्ड के महारानीपुर क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की मांग एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण भी किया गया। वहीं शिविर में मांग के 870 एवं शिकायतों के 29 कुल 899 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्राप्त आवेदनों के गुणवत्ता पूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित कर दिया गया। जिसका निराकरण कर आवेदकों को जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीतापुर विधायक श्री राम कुमार टोप्पो उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में आयोजित सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ मिल सके। विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

विभागीय स्टॉलों में योजनाओं की मिली जानकारी-
जन समस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की महत्वाकांक्षी हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। इस दौरान स्कूल शिक्षा विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। सहकारिता विभाग ने किसानों को सहकारी योजनाओं एवं ऋण सुविधाओं के बारे में अवगत कराया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छता एवं अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।

हितग्राहीमूलक सामग्रियों का हुआ वितरण-
शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं को गोदभराई, अन्नप्राशन कराया गया। कृषि विभाग द्वारा पांच किसानों को स्प्रे पंप, समाज कल्याण विभाग द्वारा दस हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा नाव जाल योजना अंतर्गत दो हितग्राहियों को आइस बॉक्स और जाल प्रदान किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को खुशियों की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र दिए गए। मनरेगा अंतर्गत 10 हितग्राहियों को जॉब कार्ड प्रदान किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 12 छात्रों को जाति प्रमाण पत्र वितरण किया गया।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य  निर्मल कुजूर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संतोषी पैकरा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री अनिल सिंह, बीडीसी महेश कुमार तिग्गा, श्रीमती राजपति तिर्की, सभी सरपंचगण, एसडीएम श्री फागेश सिन्हा, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
✒️मेघा




एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)