रायपुर।। खबरी गुल्लक।। 5 मई 2026
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा गुम इंसानों की पतासाजी हेतु ऑपरेशन तलाश अभियान 1 से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया गया। जिसमें कुल 4056 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला गया है, जिसमें 545 गुमशुदा बच्चे और 3511 महिला एवं पुरुष शामिल हैं। पुलिस के इस विशेष अभियान से न सिर्फ संबंधित परिवार की खोई खुशियां लौटी बल्कि विभिन्न कारणों से गुम हुए लोगों को भी अपना ठिकाना मिलने के साथ जीवन का आधार मिल गया।
राज्य पुलिस द्वारा समय-समय पर गुमइंसानों की पतासाजी हेतु विशेष अभियान चलाये जाते हैं, इसी अनुक्रम में ऑपरेशन तलाश का संचालन किया गया। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों और नामांकित नोडल अधिकारियों ने अभियान को गंभीरता से लेते हुए इसे प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया। अभियान के दौरान विशेष गठित पुलिस टीमों द्वारा हर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप एक माह के भीतर ही 75 बालक, 470 बालिका, 972 पुरुष एवं 2539 महिलाओं सहित 4056 गुमशुदा व्यक्तियों का पता लगाया गया।
इस अभियान की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि 182 गुमशुदा व्यक्तियों जिसमें 3 बालक, 63 बालिका, 13 पुरुष एवं 103 महिला को अन्य राज्यों जैसे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश से खोजकर वापस लाया गया। अभियान के दौरान दुर्ग से 683, बिलासपुर से 648 एवं रायपुर से 426 सर्वाधिक गुम इंसानों की पतासाजी कर इस अभियान की सफलता में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
पुलिस द्वारा सभी बरामद बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों को विधिवत उनके परिजनों से मिलाया गया, जिससे लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।



