अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।।
अंबिकापुर - रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंबिकापुर से लगे लुचकी घाट में 2 मोटर साइकिल में आमने - सामने भिड़ंत होने से मृत हुए युवकों की पहचान संतोष कुजूर निवासी सोनतराई सीतापुर और महेश्वर के रूप में की गई है। हालांकि महेश्वर कहां का रहने वाला था यह अभी पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना के वक्त मार्ग से गुजर रहे बलरामपुर भाजपा जिला महामंत्री अनिल जायसवाल के द्वारा घायलों को अपनी गाड़ी से मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था।
इस दुर्घटना में घायल हुए दुर्गेश्वर केवट पिता रामायण केवट निवासी कोरबा निरझि 20 वर्ष ने खबरी गुल्लक को बताया कि वह आज रविवार 17 मई 2026 को मोटर साइकिल से काम के सिलसिले में सीतापुर जा रहा था। रास्ते में अंबिकापुर के भारत माता चौक के समीप एक युवक सीतापुर जाने के लिए लिफ्ट लिया। उक्त युवक ने अपना नाम महेश्वर बताया था, भारत माता से निकले महज़ 5 मिनट के भीतर लुचकी घाट में उक्त हादसा हो गया। लिफ्ट लेकर बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरे बाइक में संतोष कुजूर निवासी सोनतराई सीतापुर अपनी पत्नी संजीता कुजूर के साथ चिखलाडीह जा रहा था। चिखलाडीह आश्रम में उनका पुत्र आयुष पढ़ाई करता है,वे पुत्र का टीसी लेने जा रहे थे मगर रास्ते में लुचकी घाट पर दोनों बाइक में आमने सामने टक्कर हो जाने से महेश्वर और संतोष कुजूर की मौत हो गई।
पुलिस ने शवों को मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के मर्चुरी कक्ष में रखवाया है। पुलिस ने बताया कि सोमवार को पंचनामा पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी। इधर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।




