सरगुजा जिले में चल रहे राष्ट्रीय जनगणना अभियान की प्रगति की समीक्षा करने के लिए अपर सचिव मनोज पिंगुआ और सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने शहर के नेहरू वार्ड में निरीक्षण किया। जनगणना कर्मियों द्वारा घर -घर पहुंचकर डेटा संग्रहण के कार्य को निकट से देखते हुए आम नागरिकों से अपील की गई कि वे अभियान में पूर्ण सहयोग करें, लेकिन साथ ही ठगों के प्रति सतर्क रहें।
नेहरू वार्ड में डोर-टू-डोर सर्वेक्षण के दौरान अपर सचिव और कलेक्टर ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और जनगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकृत जनगणना कर्मियों को वैध पहचान पत्र आईडी जारी किए गए हैं, जिन्हें जांचना अनिवार्य है। जनगणना कर्मी केवल जनसांख्यिकीय जानकारी जैसे नाम, उम्र, लिंग, शिक्षा, व्यवसाय आदि एकत्र कर रहे हैं। वे किसी भी प्रकार के बैंक पासवर्ड, खाता संख्या, पिन नंबर या अन्य गोपनीय वित्तीय विवरण कदापि नहीं मांगते। ऐसे संवेदनशील अभियान का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व ठगी का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि जानकारी साझा करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि सामने वाला व्यक्ति वास्तव में जनगणना कर्मी ही है। आईडी की जांच करें और किसी भी संदेहास्पद स्थिति में नजदीकी पुलिस थाने या कलेक्ट्रेट कार्यालय से संपर्क करें। यह अपील विशेष रूप से तब महत्वपूर्ण हो जाती है जब देशभर में डिजिटल ठगी के मामले बढ़ रहे हैं।



